पालीगंज में रफ्तार का कहर: खेत से लौट रही वृद्धा को स्कूल वाहन ने मारी टक्कर, चालक फरार

पटना के पालीगंज अंतर्गत खीरीमोड़ थाना क्षेत्र के कोडिहरा गांव में सड़क पार कर रही 78 वर्षीय पनवा देवी को स्कूल बस ने टक्कर मार दी। पटना में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस बस जब्त कर फरार चालक की तलाश कर रही है।

elderly woman died in school bus accident
पटना के पालीगंज में बस की टक्कर से 78 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत खीरीमोड़ थाना क्षेत्र के कोडिहरा गांव में एक दुखद सड़क हादसे में 78 वर्षीय वृद्ध महिला की जान चली गई। मृतक महिला की पहचान गांव के ही रामानुज पंडित की पत्नी पनवा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार तथा गांव में मातम का माहौल छा गया है।


खेत से लौटते समय हुआ हादसा, अनुमंडल अस्पताल से पटना रेफर

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पनवा देवी खेत से काम निपटाकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में एक तेज रफ्तार स्कूल वाहन (बस) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए पालीगंज अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।


इलाज के दौरान तोड़ा दम, एम्स में कराया गया पोस्टमार्टम

पटना के अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मों का ताव न सह पाने के कारण वृद्ध महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पटना एम्स (AIIMS) में पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।


पुलिस ने बस को किया जब्त, फरार चालक की तलाश में जुटी टीम

मामले की पुष्टि करते हुए खीरीमोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त स्कूल वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि घटना के बाद मौके से फरार हुए चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

ऋषिकेश की रिपोर्ट