Bihar News : पटना पुलिस ने चेन स्नेचिंग गिरोह के 3 शातिर को किया गिरफ्तार, पटना यूनिवर्सिटी लूटकांड के मास्टरमाइंड को नोएडा से दबोचा

Bihar News : पटना पुलिस ने चेन स्नैचिंग गिरोह के 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. वहीँ लूटकांड के आरोपी को नोएडा से दबोचा है.....पढ़िए आगे

Bihar News : पटना पुलिस ने चेन स्नेचिंग गिरोह के 3 शातिर को
पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फोटो : ANIL

PATNA : पटना में लगातार छिनतई की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे अपराधियों के खिलाफ पटना पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक चेन स्नेचिंग गिरोह का पर्दाफाश कर 3 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पटना विश्वविद्यालय परिसर में हुई लूट की वारदात के फरार मुख्य सरगना को भी उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से धर दबोचा है।

कदमकुआं स्नेचिंग कांड का सीसीटीवी से खुलासा

डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि बीते दिनों कदमकुआं थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार अपराधियों ने एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन छीन ली थी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और छापेमारी कर वारदात में इस्तेमाल स्कूटी के साथ मुख्य आरोपी शुभम पांडे को गिरफ्तार कर लिया। शुभम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दलदली निवासी प्रेम कुमार को दबोचा।

छिनतई की चेन को सस्ते दामों में बेचकर ऐश करते थे बदमाश

पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी छिनतई की गई चेन को अपने तीसरे साथी भंवर पोखर निवासी शाहिल को बेचने के लिए देते थे, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों अभियुक्तों के पास से विभिन्न जगहों से छीने गए 10 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चेन बेचकर मिले पैसों से ऐश-मौज करते थे। फिलहाल बेची गई चेन की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

पटना यूनिवर्सिटी OLX लूटकांड का मास्टरमाइंड 'आदित्य उर्फ लंगा' ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार

दूसरी बड़ी सफलता में पुलिस ने पटना विश्वविद्यालय (PU) परिसर में डिलीवरी बॉय से हुई लूटकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। दिसंबर 2025 में पीरबहोर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने OLX पर सामान मंगवाकर डिलीवरी बॉय से मोबाइल और बाइक लूट ली थी। इस मामले में 3 आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके थे, जबकि मास्टरमाइंड आदित्य उर्फ लंगा फरार चल रहा था।

टीओपी प्रभारी ने ग्रेटर नोएडा में दी दबिश, आरोपी को कोर्ट में किया गया पेश

पटना विश्वविद्यालय टीओपी प्रभारी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्रेटर नोएडा में छापेमारी कर फरार मास्टरमाइंड आदित्य उर्फ लंगा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे पटना ले आई और न्यायिक हिरासत में भेजते हुए कोर्ट में पेश किया। इस तरह पुलिस ने इस पूरे लूटकांड का शत-प्रतिशत खुलासा कर दिया है।

अनिल की रिपोर्ट