राजभवन मार्च में पटना की सड़कों पर बवाल, पुलिस से हुई भिड़ंत, तस्वीरों में दखिए 'तेजस्वी का ताकत'

तेजस्वी यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद बड़ी संख्या में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने भी गिरफ्तारी देने का ऐलान किया। पुलिस की बसों में कार्यकर्ताओं को भरकर ले जाने का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा।

Tejashwi Yadav Raj Bhavan March
Tejashwi Yadav Raj Bhavan March- फोटो : news4nation

Tejashwi Yadav : राजद के राजभवन मार्च को रोकने के लिए बुधवार को पटना की सड़कों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर बवाल हुआ। जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारियों ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग पार करने और उसे हटाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार खींचतान देखने को मिली।


स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। जेपी गोलंबर से लेकर डाकबंगला चौराहे तक कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और रस्साकशी जैसी स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते नजर आए।

इनकम टैक्स गोलंबर पर सबसे ज्यादा हंगामा

राजभवन मार्च के दौरान इनकम टैक्स गोलंबर पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने आगे बढ़ रहे तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को एक-एक कर पकड़ना शुरू किया और उन्हें बसों में बैठाकर मौके से ले जाया गया।

तेजस्वी यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद बड़ी संख्या में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने भी गिरफ्तारी देने का ऐलान किया। पुलिस की बसों में कार्यकर्ताओं को भरकर ले जाने का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा। बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह भी पुलिस की हिरासत में लिए गये. 


'AK-47' की खिलौना प्रतिकृति लेकर पहुंचे समर्थक

राजभवन मार्च में शामिल होने के लिए बिहार के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में आरजेडी कार्यकर्ता पटना पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ समर्थक हाथों में AK-47 की खिलौना प्रतिकृति लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने इसे सांकेतिक विरोध बताया।

कई प्रदर्शनकारियों के हाथों में तिरंगा और GEN-Z स्टाइल के पोस्टर भी नजर आए। पोस्टरों पर लिखा था- 'AK-47 से निहत्थे छात्रों पर गोली चलाना बंद करो।' प्रदर्शनकारी बिहार सरकार, केंद्र सरकार और बिहार पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।


सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान फायरिंग के विरोध में मार्च


आरजेडी ने यह राजभवन मार्च सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर AK-47 से फायरिंग, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, बेरोजगारी और NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर निकाला था। तेजस्वी यादव ने इन मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोला और छात्रों तथा युवाओं के साथ खड़े होने की बात कही।

राजद सांसद मनोज कुमार झा भी मार्च में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा पूरे देश में आक्रोशित हैं, खासकर बिहार में परीक्षा लीक एक परंपरा बन गई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी का दंश युवा झेल नहीं पा रहे हैं और इन्हीं समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर यह मार्च निकाला गया है।


मार्च से पहले ही पटना में भारी सुरक्षा

तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च को देखते हुए पटना में पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहे तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। डाकबंगला चौराहे पर सड़क के बीच बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिसकर्मी लाठी और इंसास राइफल के साथ तैनात नजर आए।

पटना के आईजी जितेंद्र राणा समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी खुद सड़क पर उतरकर प्रदर्शन की निगरानी कर रहे थे। प्रशासन की ओर से पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बिना वरीय अधिकारियों की अनुमति के बल प्रयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया था।


हालांकि, प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने और बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश के बाद कई स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वाटर कैनन के इस्तेमाल और तेजस्वी यादव को हिरासत में लिए जाने के बाद राजभवन मार्च के दौरान पटना की सड़कों पर राजनीतिक टकराव का माहौल देखने को मिला।

रंजन की रिपोर्ट