पटना में लुटेरों का तांडव: दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में घुसकर 20 लाख के जेवर लुटे, दुकानदार का सिर फोड़ा

Patna Crime News: पटना के रामकृष्ण नगर में श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स से 20 लाख की लूट। 5 अपराधियों ने दुकानदार को मारकर घायल किया। पुलिस 24 घंटे में खुलासे का दावा कर रही है।

पटना में लुटेरों का तांडव: दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में घुसकर
पटना में लुटेरों का तांडव- फोटो : news 4 nation

राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना अंतर्गत धनजी कॉलोनी में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। 'श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स' में घुसे पांच नकाबपोश अपराधियों ने पिस्टल के बल पर करीब 20 लाख रुपये के सोने और चांदी के जेवरात लूट लिए। लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने दुकान के मालिक धनंजय कुमार के सिर पर पिस्टल की बट से प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद सभी अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


ग्राहक बने रहे बंधक, 5 मिनट में 100 ग्राम सोना और 3 किलो चांदी पार

पीड़ित दुकानदार धनंजय कुमार ने बताया कि घटना के वक्त दुकान में तीन ग्राहक मौजूद थे। तभी दो बाइकों पर सवार होकर 5 अपराधी पहुँचे, जो हेलमेट पहने हुए थे। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने सभी को गन पॉइंट पर लेकर एक कोने में बंधक बना लिया। अपराधियों ने तिजोरी और शोरूम में रखे लगभग 100 ग्राम सोने के जेवरात और 3 किलो चांदी के गहने समेट लिए। दुकानदार ने जब प्रतिरोध करने की कोशिश की, तो उनके सिर पर जानलेवा हमला किया गया।


सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, सिटी एसपी ने कहा- "24 घंटे में होगा खुलासा"

वारदात की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ रंजन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घायल दुकानदार का बयान दर्ज कर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा है। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बताया कि प्रारंभिक जांच में 5 अपराधियों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने दावा किया है कि पुलिस की विशेष टीम अपराधियों के भागने के रूट और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और अगले 24 घंटों के भीतर मामले का उद्भेदन कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



राजधानी में बढ़ता क्राइम: व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश

इस लूट की घटना के बाद पटना के ज्वेलरी व्यवसायियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। धनजी कॉलोनी जैसे रिहायशी इलाके में घुसकर अपराधियों द्वारा दी गई इस चुनौती ने पुलिसिया गश्त पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी इतने बेखौफ थे कि उन्हें पुलिस का जरा भी डर नहीं था। फिलहाल, पुलिस की टीमें शहर के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अभी तक अपराधियों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।

रिपोर्ट - अनिल कुमार