पटना में 'फिल्मी स्टाइल' लूट: ज्वेलरी शॉप में लुटेरों का तांडव,लाखों के जेवरात पार CCTV में कैद हुई वारदात

आरपीएस काली मंदिर रोड पर मंगलवार की दोपहर अपराधियों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी लूट को अंजाम दिया। दोपहर करीब 3:00 बजे 'वैष्णवी ज्वेलर्स' में दो मोटरसाइकिल और स्कूटी पर सवार होकर चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे।

Patna Robbers loot jewelry shop
पटना में 'फिल्मी स्टाइल' ज्वेलरी शॉप में लूट- फोटो : news 4 nation

पटना के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित आरपीएस काली मंदिर रोड पर मंगलवार की दोपहर अपराधियों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी लूट को अंजाम दिया। दोपहर करीब 3:00 बजे 'वैष्णवी ज्वेलर्स' में दो मोटरसाइकिल और स्कूटी पर सवार होकर चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे। अपराधियों ने पूरी योजना के साथ चेहरे पर मास्क और सिर पर हेलमेट लगा रखा था ताकि उनकी पहचान न हो सके। दुकान में घुसते ही उन्होंने पिस्तौल लहराते हुए दहशत फैला दी और लूटपाट शुरू कर दी।

लाखों के जेवरात की लूट और दुकानदार पर हमला

अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर दुकान के काउंटर का शीशा तोड़ दिया और वहां रखे लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेट ली। इस दौरान जब दुकान के मालिक सुमन कुमार ने बदमाशों का विरोध करने की कोशिश की, तो एक अपराधी ने पिस्तौल के बट से उनके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। लूट के बाद आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर फरार हो गए।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, पुलिस की जांच शुरू

लूट की यह पूरी सनसनीखेज वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही दानापुर और रूपसपुर थाने की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस के जरिए अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल और व्यापारियों में आक्रोश

व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पटना पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अपराधी इतने बेखौफ हैं कि भीड़भाड़ वाले इलाके में घुसकर लूटपाट और फायरिंग कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।