पटना में खत्म हो सकती है सफाई कर्मियों की हड़ताल, मंत्री नीतीश मिश्रा के साथ निर्णायक वार्ता, आज हो सकता है बड़ा ऐलान

Patna Sanitation Workers Strike: नगर निगम के सफाई कर्मियों की लगातार जारी हड़ताल के बीच नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से सफाई कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल की अहम वार्ता चल रही है।

Patna Sanitation Strike May End After Key Talks Today
पटना में खत्म हो सकती है सफाई कर्मियों की हड़ताल!- फोटो : reporter

Patna Sanitation Workers Strike: राजधानी पटना में पिछले आठ दिनों से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सरकार ने सक्रिय पहल तेज कर दी है। नगर निगम के सफाई कर्मियों की लगातार जारी हड़ताल के बीच नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से सफाई कर्मियों के प्रतिनिधिमंडल की अहम वार्ता चल रही है। माना जा रहा है कि बातचीत सकारात्मक रही तो अगले कुछ घंटों में हड़ताल समाप्त करने का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।

आठ दिनों से जारी हड़ताल के कारण राजधानी की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर की सड़कों, गलियों, बाजारों और मोहल्लों में कूड़े के ढेर लग गए हैं। लगातार हो रही बारिश ने हालात को और गंभीर बना दिया है। गीले कचरे से उठ रही दुर्गंध, जलजमाव और सड़कों पर फैली गंदगी के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते जनदबाव के बीच सरकार अब समाधान निकालने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा रही है।

इससे पहले पटना नगर निगम ने सफाई कर्मियों की तीन प्रमुख मांगों पर सहमति जताते हुए प्रस्ताव पारित किया था। पहली मांग नगर निकायों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की है। सफाई कर्मियों का कहना है कि स्थायी प्रकृति के कार्य को निजी एजेंसियों के हवाले करने से उनका लगातार शोषण हो रहा है। नगर निगम ने सरकार से अनुरोध करने का फैसला लिया है कि सफाई कर्मियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति दी जाए।

दूसरी मांग दैनिक सफाई कर्मियों को स्थायी सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने की है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्ष 2018 में 118 दैनिक सफाई कर्मियों का नियमितीकरण किया गया था, इसलिए बाकी कर्मियों को भी समान अवसर मिलना चाहिए। निगम ने आश्वासन दिया है कि पात्र कर्मचारियों को नियमों के अनुरूप लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

तीसरी मांग समान वेतन, एसीपी और एमएसीपी जैसी लंबित सुविधाओं को बहाल करने तथा वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने की है। इस संबंध में नगर निगम ने विभागीय रोक हटाने के लिए राज्य सरकार को पत्र भेजने का भरोसा दिया है।

फिलहाल सफाई कर्मियों और मंत्री नीतीश मिश्रा के बीच बातचीत जारी है। यदि दोनों पक्षों के बीच सहमति बन जाती है, तो जल्द ही हड़ताल समाप्त होने की घोषणा हो सकती है। इससे राजधानी पटना की चरमराई सफाई व्यवस्था के फिर से सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह