Patna Crime: शास्त्रीनगर कारोबारी गोलीकांड का मुख्य आरोपी रवि दानापुर से गिरफ्तार,STF की बड़ी कार्रवाई

पटना के शास्त्रीनगर में व्यवसायी दिलीप सिंह पर अपार्टमेंट में घुसकर गोली चलाने वाले शातिर अपराधी रवि सरकार को बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस ने दानापुर के शाहपुर से गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी पर पहले से 7 गंभीर मामले दर्ज हैं और वह एक और हत्या की साजिश

Ravi Sarkar Arrested from Danapur by STF
शास्त्रीनगर कारोबारी गोलीकांड का मुख्य आरोपी रवि दानापुर से गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित 'जी.एस. इनक्लेव' अपार्टमेंट में घुसकर प्रसिद्ध व्यवसायी दिलीप सिंह को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी करने वाले मुख्य आरोपी रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है। बिहार एसटीएफ (STF) की विशेष टीम और पटना पुलिस ने एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे दानापुर के शाहपुर इलाके से दबोचा। आरोपी रवि ने बीती 31 मार्च को कारोबारी की हत्या का प्रयास किया था और तब से वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।


सीसीटीवी फुटेज से हुई थी पहचान, दर्ज था हत्या के प्रयास का केस

अपार्टमेंट में हुई इस सनसनीखेज वारदात की पूरी कड़ियां सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थीं। फुटेज के विश्लेषण के आधार पर ही पुलिस ने मुख्य शूटर के रूप में रवि की पहचान सुनिश्चित की थी। इस गंभीर मामले को लेकर शास्त्रीनगर थाने में 1 अप्रैल को हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वारदात के बाद से ही एसटीएफ और जिला पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर जाल बिछा रही थीं।


दानापुर में भूमि व्यवसायी की हत्या की रच रहा था नई साजिश

पुलिस की गिरफ्त में आए रवि कुमार उर्फ रवि सरकार के मंसूबे अब भी बेहद खतरनाक थे। बिहार एसटीएफ को पुख्ता इनपुट मिला था कि शाहपुर का मूल निवासी रवि इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने और मोटी रंगदारी वसूलने के इरादे से दानापुर के एक बड़े भूमि व्यवसायी (प्रॉपर्टी डीलर) की हत्या करने की फिराक में है। इस खुफिया सूचना के आधार पर एसटीएफ और पटना पुलिस ने बिना वक्त गंवाए शाहपुर में घेराबंदी की और किसी नई वारदात को अंजाम देने से पहले ही उसे दबोच लिया।


आरोपी रवि सरकार पर पहले से दर्ज हैं सात गंभीर मामले

पकड़ा गया अपराधी रवि कुमार उर्फ रवि सरकार पटना पुलिस के लिए एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इसके खिलाफ पटना जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन अपराधों के तहत कम से कम सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रवि सरकार की गिरफ्तारी से पटना और दानापुर इलाके में व्यापारियों से रंगदारी और कांट्रैक्ट किलिंग के नेटवर्क को तोड़ने में बड़ी कामयाबी मिली है।