पटना में बेखौफ अपराधी:युवक को लोहे की चेन से पीटा,सिर पर पिस्टल सटाकर दी धमकी,पुलिस का उड़ाया मजाक

शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के आशियाना-दीघा रोड पर सिगरेट पीने की बात को लेकर दबंग ने युवक को लोहे की चेन से बेरहमी से पीटा, उसका आईफोन तोड़ा और सिर पर पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी। पुरानी पुलिस शिकायत का ताना देकर अंजाम दी गई वारदात।

Patna Chain Attack Ashiana Road
: पटना के शास्त्रीनगर में दबंगई: युवक पर जानलेवा हमला, सिर पर तानी पिस्टल- फोटो : Reporter

राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आशियाना रोड पर दबंगई और गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। द पाम्स बिहार अपार्टमेंट निवासी 25 वर्षीय अर्जुन सिंह 24 अगस्त 2026 की शाम आशियाना-दीघा रोड स्थित एक दुकान के पास खड़े थे। तभी समनपुरा निवासी आमिर खान उर्फ चुन्नु खान वहां पहुंचा और "मेरे सामने सिगरेट पीने की हिम्मत कैसे हुई" कहकर कॉलर पकड़कर उनके साथ गाली-गलौज व हाथापाई करने लगा।


खाली प्लॉट में ले जाकर लोहे की चेन से पीटा 

आरोपी जबरन युवक को खींचकर दुकान के पीछे स्थित खाली प्लॉट में ले गया। वहां उसने अपने पास मौजूद लोहे की भारी चेन से युवक पर बेरहमी से हमला कर दिया। पीड़ित लगातार छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी ने उसे लगातार पीटना जारी रखा। इस मारपीट के दौरान दबंग ने पीड़ित का आईफोन (iPhone) भी तोड़ दिया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

सिर पर सटाई पिस्टल, दी जान से मारने की धमकी

 मारपीट के बाद आरोपी की दबंगई यहीं नहीं रुकी; उसने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और सीधे पीड़ित के सिर पर सटा दी। पिस्टल सटने से पीड़ित भय के कारण बुरी तरह कांपने लगा।आरोपी ने धमकी देते हुए स्पष्ट कहा कि यदि वह दोबारा इस इलाके में दिखाई दिया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। 


पुरानी रंजिश और पुलिस का उड़ाया मजाक

यह पूरा विवाद पुरानी पुलिस शिकायत से भी जुड़ा हुआ है। हमला करते समय आरोपी ने पीड़ित द्वारा पूर्व में दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत का ताना मारते हुए कहा, "तुमने मेरे खिलाफ पहले पुलिस में शिकायत की थी, पुलिस ने मेरा क्या बिगाड़ लिया?"। आरोपी के इस रवैये से साफ जाहिर होता है कि वह पुरानी रंजिश के कारण बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दे रहा था।

शास्त्रीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज, सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित के अनुसार,आरोपी आमिर खान के खिलाफ शास्त्रीनगर थाने में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना के बाद पीड़ित ने शास्त्रीनगर थाना पुलिस में आवेदन देकर प्राथमिकी (कांड संख्या 750/26) दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है तथा प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।