पटना में 'लापरवाह' खाकी पर उठे सवाल:सरेआम युवक को मारा चाकू,4 दिन बाद भी थाने ने नहीं दर्ज की FIR,IG से शिकायत
राजधानी के श्री कृष्णा पुरी थाना क्षेत्र में गौतम राज सिंह नाम के युवक पर जानलेवा हमला कर पेट में चाकू घोंप दिया गया। आरोप है कि 4 दिन बीत जाने और SSP को सूचना देने के बाद भी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया, बल्कि अपर थानाध्यक्ष ने व्यस्त होने का बहाना
पटना: राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। श्री कृष्णा पुरी (SK Puri) थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला कर सरेआम पेट में चाकू घोंप दिया गया, लेकिन संज्ञेय अपराध होने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने 4 दिनों तक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की। जबकि घटना का CCTV फुटेज सोशल मिडिया पर लगातार वायरल हो रहा है।
सरेआम पेट में घोंपा चाकू,अस्पताल ने भी छिपाई बात
मामला बीते 11 जून 2026 की रात करीब 8 बजे का है। श्री कृष्णा पुरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गौतम राज सिंह नामक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए उसके पेट में चाकू मार दिया। पूरी घटना का CCTV में कैद है।आनन-फानन में घायल युवक को पश्चिमी बोरिंग कैनाल रोड स्थित उदयन अस्पताल में भर्ती कराया गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी। इसके बाद गंभीर हालत को देखते हुए पीड़ित की मां माधुरी देवी ने उसे पटना AIIMS (एम्स) में भर्ती कराया।
व्यस्त होने का बहाना बनाकर अपर थानाध्यक्ष ने काटा फोन
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद वे न्याय के लिए श्री कृष्णा पुरी थाना पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। लेकिन वारदात के 4 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही और केस दर्ज नहीं किया। थक-हारकर परिजनों ने इस मामले की जानकारी पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को उनके मोबाइल पर दी। SSP को सूचित करने के बाद जब परिजनों ने दोबारा श्री कृष्णा पुरी थाना के अपर थानाध्यक्ष से फोन पर FIR दर्ज करने का आग्रह किया, तो उन्होंने 'व्यस्त होने' का बहाना बनाया और परिजनों का फोन डिस्कनेक्ट (काट) कर दिया।

IG से गुहार और कार्रवाई कि मांग
पुलिस के इस संवेदनहीन रवैये के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष चंद्र शर्मा ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने आईजी को लिखे पत्र में कहा है कि हत्या के प्रयास जैसे गंभीर और संज्ञेय अपराध में भी पुलिस का यह रवैया बेहद शर्मनाक है। उन्होंने मांग की है कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने और सरेआम अपराध की प्राथमिकी दर्ज न करने वाले श्री कृष्णा पुरी थाना के अपर थानाध्यक्ष को अविलंब सेवा से बर्खास्त किया जाए। इस घटना ने एक बार फिर पटना पुलिस की 'त्वरित कार्रवाई' के दावों की पोल खोल कर रख दी है।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार