पटना SSP ने परिवार संग तरेत पाली मठ में टेका माथा: गुरुकुल के बटुकों के संस्कृत पाठ से हुए अभिभूत

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने अपने पूरे परिवार के साथ तरेत पाली मठ पहुंचकर श्री राघवेंद्र सरकार के दिव्य दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने पूज्य स्वामी जी महाराज और मठ के गजराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

Patna SSP Kartikeya Sharma Tarket Pali Math
तरेत पाली मठ पहुंचे सपरिवार पटना SSP कार्तिकेय शर्मा:- फोटो : Reporter

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड के तरेत पाली मठ में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उनके साथ उनका पूरा परिवार भी मौजूद रहा। SSP कार्तिकेय शर्मा ने मठ परिसर में स्थापित श्री राघवेंद्र सरकार के दिव्य दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।


पूज्य स्वामी जी और गजराज से लिया आशीर्वाद

धार्मिक अनुष्ठान और राघवेंद्र सरकार के पूजन के बाद SSP ने तरेत पाली मठ के परम पूज्य स्वामी जी महाराज से मुलाकात की। उन्होंने स्वामी जी के चरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मठ परिसर में मौजूद गजराज (हाथी) के दर्शन कर उनका भी आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरुकुल के बटुकों के संस्कृत पाठ से हुए अभिभूत

मठ भ्रमण के दौरान SSP कार्तिकेय शर्मा ने वहां संचालित गुरुकुल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान गुरुकुल के छोटे-छोटे विद्यार्थियों ने उनके समक्ष शुद्ध और प्रभावशाली शैली में देववाणी संस्कृत के मंत्रों का पाठ प्रस्तुत किया। बटुकों की इस अद्भुत और ज्ञानवर्धक प्रस्तुति को सुनकर एसएसपी अत्यंत प्रसन्न और प्रभावित नजर आए।

संस्कार व संस्कृति के प्रयास की सराहना, बच्चों को दिया प्रोत्साहन

गुरुकुल के विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए SSP ने उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मठ द्वारा शिक्षा, संस्कार और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए चलाए जा रहे इस पावन प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उनका यह दौरा और बच्चों के प्रति स्नेह गुरुकुल परिवार के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा।