नवादा में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप: धान रोपाई के दौरान मारपीट के बाद महिला की मौत, चाचा पर आरोप!

नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के अमझरी गांव में 10 साल पुराने जमीनी विवाद ने ली महिला की जान।धान रोपाई के दौरान 3 फीट जमीन के टुकड़े को लेकर हुए विवाद के बाद 40 वर्षीय रेखा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चाचा समेत अन्य पर आरोप

Nawada Sirdala Crime News
नवादा के सिरदला के अमझरी गांव में जमीनी विवाद में खूनी खेल - फोटो : Reporter

नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के अमझरी गांव में धान रोपाई के दौरान हुए जमीनी विवाद में 40 वर्षीय रेखा देवी (पति उमेश यादव) की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार को खेत में धान रोपने के दौरान हुए झगड़े में उनके साथ गंभीर मारपीट की गई थी। मारपीट की शिकायत दर्ज कराने के बाद शनिवार को उनकी अचानक मौत से गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम पसरा हुआ है।


तीन फीट जमीन को लेकर 10 वर्षों से चल रहा था विवाद

ग्रामीणों के अनुसार दोनों भाइयों के बीच करीब 10 वर्ष पूर्व ही जमीन का बंटवारा हो चुका था। हालांकि, खेत की महज तीन फीट जमीन के टुकड़े को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। शुक्रवार को जब खेत में धान की रोपाई चल रही थी, तभी यही पुराना विवाद अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।


बेटी ने चाचा समेत अन्य रिश्तेदारों पर मारपीट का मढ़ा दोष

मृतका की पुत्री हेम्पी कुमारी और परिजनों ने आरोप लगाया है कि रेखा देवी के चाचा दिनेश कुमार और उनके सहयोगियों ने मिलकर शुक्रवार को उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की थी। परिजनों का दावा है कि आरोपियों ने शुक्रवार की शाम दोबारा उनके घर पर आकर मारपीट की, जिससे रेखा देवी को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। इसी मारपीट के कारण शनिवार को उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्होंने दम तोड़ दिया।


पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, फॉरेंसिक टीम ने खंगाला घटनास्थल

मामले की सूचना मिलते ही सिरदला थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ अमझरी गांव पहुंचे। नवादा से बुलाई गई फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।