पेपर लीक के खिलाफ राजभवन मार्च करने निकले छात्र, पटना में पुलिस से भिड़ंत, वाटर कैनन और लाठीचार्ज

छात्र पेपर लीक मामलों की फास्ट ट्रैक जांच, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर रोक और शिक्षा के निजीकरण के विरोध समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया.

Patna Student Protest
Patna Student Protest - फोटो : news4nation

Bihar News :  दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्र आंदोलन के बाद अब पटना में भी छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। बुधवार को विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरे। प्रदर्शनकारी गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के पास से मार्च निकालते हुए जेपी गोलंबर पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।


पुलिस ने जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस की ओर से छात्रों से वापस लौटने की अपील की गई, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति बिगड़ने पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले भी दागे गए।


पुलिस और छात्रों के बीच झड़प

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प भी हुई। बताया जा रहा है कि झड़प में गांधी मैदान थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी। छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। छात्र पेपर लीक मामलों की फास्ट ट्रैक जांच, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर रोक और शिक्षा के निजीकरण के विरोध समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

छात्रों की प्रमुख मांगें


प्रदर्शनकारी छात्रों ने पेपर लीक मामलों की फास्ट ट्रैक जांच की मांग, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर रोक, शिक्षा के निजीकरण का विरोध, UG, PG और PhD स्तर पर फीस बढ़ोतरी वापस लेने, सभी विश्वविद्यालयों में पिछड़े वर्ग के शोधार्थियों के लिए नॉन-नेट फेलोशिप लागू , करने, 7.5 CGPA की अनिवार्यता समाप्त कर सभी छात्रों को समान डिग्री देने, बिहार के छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध, पटना विश्वविद्यालय अधिनियम को समाप्त करने के प्रस्ताव का विरोध जैसे मुद्दे उठाए।


छात्र संगठनों का कहना है कि पटना में आयोजित यह मार्च दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन में निकाला गया है। साथ ही, दिल्ली में शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध किया जा रहा है।


अनिल की रिपोर्ट