Patna Traffic News: पटना में चालान 'हल्के' में लेना पड़ा महंगा! 1260 गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन पर लटकी तलवार, पुलिस ने भेजा नोटिस
Patna Traffic News: राजधानी की सड़कों पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ पटना ट्रैफिक पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा अभियान छेड़ दिया है। विभाग ने उन डिफॉल्टरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
Patna Traffic News: राजधानी पटना में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यातायात पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 90 दिनों के भीतर ई-चालान का जुर्माना जमा नहीं करने वाले 1260 वाहन मालिकों को कानूनी नोटिस भेजा गया है। पटना यातायात पुलिस के अनुसार शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
ICCC और HHD से काटे गए चालान
ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों को चिन्हित कर अब उनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यातायात पुलिस ने बताया कि शहर में ICCC (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) और HHD (हैंड हेल्ड डिवाइस) के माध्यम से ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के ई-चालान काटे जाते हैं। लेकिन कई वाहन मालिक निर्धारित समय सीमा के भीतर जुर्माने की राशि जमा नहीं करते हैं।
फरवरी में 1260 लोगों को नोटिस
ऐसे मामलों में जिन लोगों ने चालान जारी होने के 90 दिनों के भीतर भुगतान नहीं किया, उन्हें अब नोटिस भेजकर जुर्माना जमा करने का निर्देश दिया गया है। पटना यातायात पुलिस के अनुसार 1 फरवरी से 28 फरवरी के बीच की अवधि में कुल 1260 वाहन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन सभी ने तय समय सीमा के भीतर चालान की राशि जमा नहीं की थी। पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय पर चालान का भुगतान करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि शहर में सुरक्षित और सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट