Patna Traffic System: पटना में इस दिन बदला रहेगा ट्रैफिक रुट, नेहरू पथ पर नहीं चलेंगी गाड़ियां ! जानिए क्यों लिया गया यह फैसला

Patna Traffic System: पटना का ट्रैफिक व्यवस्था एक बार फिर बदलने वाला है। नेहरु पथ पर गाड़ियों के परिचालन को रोका जाएगा। यह बदलाव 15 फरवरी को लागू रहेगा। आइए जानते हैं पूरी खबर क्या है..?

ट्रैफिक व्यवस्था
नेहरु पथ पर नहीं चलेंगी गाड़ी?- फोटो : social media

Patna Traffic System:  राजधानी पटना का ट्रैफिक व्यवस्था एक बार फिर बदलने वाला है। कई प्रमुख शहरों पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। ऐसे में आप भी घर से निकलने से पहले इस खबर को जान लें। दरअसल, महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को यह बदलवा लागू रहेगा। जानकारी अनुसार महाशिवरात्रि के दिन पटना में नेहरु पथ पर सामान्य वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। 

पटना में बदला ट्रैफिक व्यवस्था

बता दें कि, शहर के अलग-अलग इलाकों से विभिन्न समितियों द्वारा शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी जो दोपहर 3 बजे अलग-अलग मार्गों से होते हुए खाजपुरा शिव मंदिर नेहरू पथ पहुंचेंगी। यहां भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन होगा। जिसके कारण कई मार्गों पर सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। ट्रैफिक व्यवस्था के तहत नेहरू पथ में राजाबाजार फ्लाईओवर के नीचे डुमरा टीओपी मोड़ से जगदेव पथ मोड़ तक सभी प्रकार के सामान्य वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। 

इन वाहनों को चलाने की अनुमति

इस दौरान केवल एंबुलेंस,अग्निशमन और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही गुजरने की अनुमति होगी। नगर सेवा, सिटी राइड और सीएनजी बसों का परिचालन रूकनपुरा से चिड़ियाखाना गेट नंबर-1 तक फ्लाईओवर के ऊपर से कराया जाएगा। वहीं,जगदेव पथ मोड़ से हवाई अड्डा, आयकर गोलंबर और पटना जंक्शन की ओर जाने वाले ऑटो और व्यावसायिक वाहनों को दक्षिण की ओर डायवर्ट कर फुलवारी जेल मोड़ के रास्ते गंतव्य तक भेजा जाएगा।

वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल 

नेहरू पथ से दीघा,राजीव नगर और एजी कॉलोनी जाने वाले छोटे वाहनों को पाया नंबर-4 से अंबेडकर पथ की ओर मोड़ा जाएगा। जहां से वे मौर्या पथ और आशियाना-दीघा रोड होते हुए आगे बढ़ सकेंगे। वहीं डुमरा टीओपी मोड़ से पूरब से पश्चिम जाने वाले वाहनों को दक्षिण की ओर मोड़कर जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के पश्चिमी गेट के रास्ते आगे भेजा जाएगा।

15 फरवरी को लागू रहेगा व्यवस्था  

इसके अलावा, आशियाना और दीघा की ओर जाने वाले वाहनों को राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से होकर रूकनपुरा और रूपसपुर पुल के नीचे से यू-टर्न लेते हुए अंबेडकर पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आशियाना-दीघा रोड से नेहरू पथ की ओर आने वाले वाहन पासपोर्ट ऑफिस मोड़ से अंबेडकर पथ और जगदेव पथ होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।