Bihar News: बिहार सिपाही भर्ती में बड़ा खेल! परीक्षा दी 'मुन्ना भाई' ने और फिजिकल देने पहुंचे असली उम्मीदवार, 4 शातिर गिरफ्तार

Bihar News: बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में स्कॉलर को बैठा रहे हैं और खुद फिजिकल देने पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में 4 अभ्यर्थियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

सिपाही भर्ती
सिपाही भर्ती में बड़का खेला!- फोटो : social media

Bihar News:  बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा में एक बार फिर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पीईटी जांच में चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी अनुसार सोमवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के दौरान बायोमेट्रिक और दस्तावेजों की जांच में गड़बड़ी मिलने पर चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया। 

शारीरिक परीक्षा में खुली पोल

सभी उम्मीदवार लिखित परीक्षा पास करने- के बाद शारीरिक जांच के लिए पहुंचे थे, जहां उनकी पहचान में अंतर पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों में गया, छपरा, नालंदा और पटना के निवासी शामिल हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, इन अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा में अपनी जगह डमी कैंडिडेट को बैठाकर परीक्षा दिलाई थी और अच्छे अंक प्राप्त किए थे।

बायोमेट्रिक जांच में खुला राज

पीईटी स्थल पर फिंगरप्रिंट और फोटो मिलान की प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ। जब बायोमेट्रिक डेटा की तुलना लिखित परीक्षा के समय दर्ज रिकॉर्ड से की गई तो दोनों में अंतर पाया गया। इसके बाद चारों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उनके जवाबों में विरोधाभास सामने आया और फर्जीवाड़े की पुष्टि हो गई। पुलिस ने तुरंत उन्हें हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया।

संगठित गिरोह के शामिल होने की आशंका

प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि यह पूरा खेल किसी संगठित गिरोह के जरिए कराया गया। ऐसे गिरोह मोटी रकम लेकर असली अभ्यर्थियों की जगह फर्जी परीक्षार्थियों को परीक्षा में बैठाते हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए इस बार हर चरण में बायोमेट्रिक सत्यापन, फोटो मिलान और दस्तावेजों की कड़ी जांच की जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोग नए तरीकों से धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।