पटना में ट्रैफिक एसपी का औचक निरीक्षण: लापरवाही बरतने पर दो महिला पुलिसकर्मी निलंबित, पांच का वेतन रुका

डयूटी के दौरान लापरवाही बरतना दो ट्राफिक महिला पुलिसकर्मी को महंगा पड़ गया है। एसपी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है। वहीं दो अन्य महिला पुलिसकर्मी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है......

पटना में ट्रैफिक एसपी का औचक निरीक्षण: लापरवाही बरतने पर दो

Patna : पटना में ड्यूटी के दौरान लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने पर ट्रैफिक पुलिस प्रशासन ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को यातायात एसपी सागर झा द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट जैसे संवेदनशील मौके पर ड्यूटी से नदारद रहने के कारण महिला सिपाही निशा कुमारी और गृह रक्षक (होमगार्ड) रुचि कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। ट्रैफिक एसपी ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर की कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


कारगिल चौक पर ड्यूटी के दौरान मोबाइल चला रही थीं महिला सिपाही 

निरीक्षण के क्रम में गांधी मैदान यातायात थाना क्षेत्र अंतर्गत कारगिल यातायात पोस्ट पर भी गंभीर लापरवाही उजागर हुई। यहां तैनात दो महिला सिपाही प्रियांशु कुमारी और गौरी कुमारी ऑन-ड्यूटी यातायात संभालने के बजाए मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त पाई गईं। एसपी ने इसे सेवा नियमों का उल्लंघन और ड्यूटी में गंभीर लापरवाही मानते हुए दोनों महिला सिपाहियों का वेतन रोक दिया है तथा उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।


बाकरगंज पोस्ट के अंदर आराम फरमा रहे थे तीन पुलिसकर्मी 

कार्रवाई का यह सिलसिला बाकरगंज यातायात पोस्ट पर भी जारी रहा, जहां निरीक्षण के दौरान तीन पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी से बेपरवाह मिले। यहां तैनात एएसआई (ASI) रविंदर कुमार मंडल, महिला सिपाही गीता कुमारी और सिपाही सूरज कुमार सड़क पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के बजाय पोस्ट के अंदर बैठे पाए गए। ऑन-ड्यूटी इस तरह की ढिलाई सामने आने के बाद एसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों का वेतन रोकते हुए उनसे जवाब तलब किया है।


जवाब संतोषजनक न होने पर होगी विभागीय कार्रवाई 

यातायात एसपी द्वारा कुल पांच पुलिसकर्मियों का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यदि संबंधित पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एसपी के इस कड़े कदम से ट्रैफिक पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और ड्यूटी पर तैनात अन्य कर्मियों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।


ट्रैफिक एसपी का अल्टीमेटम: लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई 

शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और पुलिस बल में अनुशासन कायम रखने के लिए औचक निरीक्षण का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात एसपी सागर झा ने कड़ा संदेश देते हुए साफ कहा है कि ऑन-ड्यूटी किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सीधी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। 


अनिल की रिपोर्ट