LATEST NEWS

Mahashivratri 2025: महाशिवरात्रि को लेकर पटना के ट्रैफिक में बदलाव, इन मार्गों पर नहीं चलेगी वाहन, पटना जंक्शन का रुट डायवर्ट, घर से निकलने से पहले जान लें पूरी खबर

Mahashivratri 2025: महाशिवरात्रि के अवसर पर पटना सहित राज्य भर में शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभा यात्रा को लेकर पटना के ट्रैफिक रुट में बदलाव किया गया है।

Mahashivratri procession
Mahashivratri procession- फोटो : social media

Mahashivratri 2025: महाशिवरात्रि का पावन व्रत इस वर्ष आज बुधवार यानी 26 फरवरी को रखा जाएगा। देशभर में आज महाशिवरात्रि मनाई जा रही है। यह पर्व प्रतिवर्ष फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था, इसलिए इसे शिव और शक्ति के मिलन का पर्व भी कहा जाता है। इसी दिन भगवान शिव अग्नि स्तंभ (शिवलिंग) के रूप में प्रकट हुए थे, जो उनके निराकार स्वरूप का प्रतीक है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने से भगवान शिव और माता पार्वती की कृपा प्राप्त होती है तथा सभी इच्छाएं पूर्ण होती हैं।

पटना में निकलेगी शोभा यात्रा 

बता दें कि, महाशिवरात्रि के अवसर पर पटना में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसे देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अग्निशमन और एंबुलेंस सेवाओं को छोड़कर अन्य वाहनों के लिए मार्गों को डायवर्ट किया गया है। इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी अजित कुमार ने जानकारी दी है। महाशिवरात्रि पर शोभा यात्रा निकाली जाएगी इसको लेकर तैयारियां शुरु है। सुबह से ही सभी शिवायल और मंदिरों में शिव भक्तों की भीड़ उमड़ गई है।  

यातायात डायवर्जन: ये मार्ग रहेंगे प्रभावित

1. नेहरू पथ (बेली रोड)

राजा बाजार फ्लाईओवर के नीचे से डुमरा टीओपी मोड़ से जगदेव पथ मोड़ तक सभी प्रकार के सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

2. नेहरू पथ (बेली रोड)

रूकनपुरा से चिड़ियाघर गेट नं-01 तक नगर सेवा/सिटी राइड बस/सीएनजी बसें केवल फ्लाईओवर के ऊपर से चलेंगी।

3. जगदेव पथ मोड़ से हवाई अड्डा/आयकर गोलंबर/पटना जंक्शन की ओर जाने वाले ऑटो और व्यावसायिक वाहन जगदेव पथ मोड़ से दक्षिण की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। ये वाहन फुलवारी जेल मोड़ होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

4. दीघा / राजीवनगर/एजी कॉलोनी की ओर जाने वाले छोटे वाहन पाया नं- 4 (अंबेडकर पथ मोड़) से अंबेडकर पथ होते हुए मौर्या पथ और फिर आशियाना-दीघा रोड से अपने गंतव्य तक जाएंगे।

5. डुमरा टीओपी मोड़ से पश्चिम दिशा में जाने वाले वाहन-ये वाहन डुमरा टीओपी से हवाई अड्डा पश्चिमी गेट होते हुए फुलवारी जेल मोड़ से जगदेव पथ और फिर गंतव्य की ओर बढ़ेंगे।

6. पूरब से पश्चिम आशियाना/दीघा की ओर जाने वाले वाहन राजा बाजार फ्लाईओवर के ऊपर से रूकनपुरा पहुंचेंगे। वहां से रूपसपुर पुल के नीचे (विजयनगर) यू-टर्न लेकर अंबेडकर पथ के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।

7. आशियाना-दीघा रोड से नेहरू पथ (बेली रोड) में जाने वाले वाहन पासपोर्ट ऑफिस मोड़ से अंबेडकर पथ होते हुए जगदेव पथ मोड़ से नेहरू पथ पर पहुंचेंगे। वैकल्पिक रूप से, जगदेव पथ से फुलवारी जेल मोड़ होकर पूरब की ओर बढ़ सकते हैं।

यातायात नियमों का पालन करें

पटना ट्रैफिक पुलिस ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे शोभायात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन की ओर से यात्रा के सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Editor's Picks