Patna News: पटना यूनिवर्सिटी के हॉस्टल्स में छापेमारी,बीएन कॉलेज बनाम दुकानदार, मारपीट, फायरिंग और फरारी से दहला शहर
Patna News: पटना की सियासी और शैक्षणिक फिज़ा के बीच एक मामूली तकरार ने ऐसा संगीन मोड़ ले लिया कि पूरा इलाक़ा सन्न रह गया।
Patna News: पटना की सियासी और शैक्षणिक फिज़ा के बीच एक मामूली तकरार ने ऐसा संगीन मोड़ ले लिया कि पूरा इलाक़ा सन्न रह गया। मामला राजधानी के नामी बीएन कॉलेज से जुड़े छात्रों और इलेक्ट्रॉनिक गली के दुकानदारों के दरमियान हुई झड़प का है, जिसने देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग की शक्ल अख़्तियार कर ली।
पुलिस महकमा सकते में है। टाउन DSP-1 राजेश रंजन के मुताबिक, इस संगीन वारदात में 7 नामज़द और करीब 60 अज्ञात अफ़राद के खिलाफ मुक़दमा दर्ज किया गया है। इत्तिला दी गई है कि गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। सात मुल्ज़िमों की शिनाख़्त हो चुकी है, बाकी की पहचान की कार्रवाई जारी है। इसके लिए ख़ास टीम भी तशकील दी गई है।
पूरा फसाद महज़ ₹20 के लेन-देन से शुरू हुआ। इलेक्ट्रॉनिक गली में कुछ छात्र घड़ी दुरुस्त कराने पहुंचे थे। घड़ी बनकर तैयार हुई तो दुकानदार ने ₹60 की मांग की, जबकि छात्र ₹40 देने पर अड़े रहे। यहीं से कहासुनी, तू-तू मैं-मैं और फिर हाथापाई शुरू हो गई।
इल्ज़ाम है कि एक छात्र ने कॉलेज का नाम लेकर दुकानदार को हड़काया। मामला ठंडा होने के बजाय और भड़क गया। छात्र वापस लौटा और अपने साथियों के साथ फिर दुकान पर पहुंच गया। इसी दरमियान हालात इतने बेक़ाबू हो गए कि एक पक्ष की ओर से फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज़ से इलाका दहल उठा, आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर भाग खड़े हुए।
दोनों तरफ से थप्पड़बाज़ी और धक्का-मुक्की में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों पक्षों के कई लोग फरार बताए जा रहे हैं।यूनिवर्सिटी चुनाव नज़दीक होने के मद्देनजर पटना विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कैंपस में बने TOP (टाउन आउट पोस्ट) को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी निगरानी है।
अब सवाल यह है कि क्या ₹20 का यह झगड़ा महज़ इत्तेफाक था या इसके पीछे कोई और सियासी साज़िश? पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियों के बाद ही तस्वीर साफ़ होगी।