Patna University: पटना विवि छात्रसंघ चुनाव का बिगुल, 28 फरवरी को वोटिंग और उसी दिन नतीजे, 22 हजार छात्रों के हाथ में सत्ता की चाबी
Patna University:पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की बहुप्रतीक्षित घोषणा कर दी गई।...
Patna University:पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की बहुप्रतीक्षित घोषणा कर दी गई। चुनावी शंखनाद के साथ ही कैंपस की सियासत गरमा गई है। अधिसूचना के मुताबिक 28 फरवरी को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना पूरी कर परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। इस बार करीब 22 हजार छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें स्नातक के साथ-साथ पीजी और पीएचडी के शोधार्थी भी शामिल होंगे। इससे चुनाव का दायरा और असर दोनों बढ़ गए हैं।
मुख्य चुनाव पदाधिकारी और भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. शंकर कुमार ने मंगलवार को बताया कि सभी कॉलेजों को 6 फरवरी तक मतदाता सूची प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया है। मतदाता सूची पर 7 से 9 फरवरी के बीच आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 10 फरवरी को किया जाएगा। प्रशासन का दावा है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएगी, ताकि किसी तरह का विवाद न खड़ा हो।
इस बार मतदान के समय में भी बदलाव किया गया है। पहले जहां वोटिंग सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक होती थी, अब मतदान सुबह 8.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक चलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि समय बढ़ने से छात्रों की भागीदारी में इजाफा होगा और लंबी कतारों की समस्या कम होगी।
चुनाव व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बूथों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। कुल 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। खास बात यह है कि अब सिर्फ कॉलेजों में ही नहीं, बल्कि पीजी विभागों में भी मतदान की सुविधा दी गई है। इससे शोधार्थियों और स्नातकोत्तर छात्रों को राहत मिलेगी और उन्हें इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
छात्रसंघ चुनाव की घोषणा के साथ ही विश्वविद्यालय का माहौल पूरी तरह सियासी रंग में रंग गया है। संभावित उम्मीदवारों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ बैठकें शुरू कर दी हैं, तो छात्र संगठन रणनीति बनाने में जुट गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि 28 फरवरी को छात्रों का फैसला किसके सिर जीत का सेहरा बांधता है और किसे मायूसी का सामना करना पड़ता है।