सर्वदलीय बैठक में पीके की यह बड़ी मांग: कम से कम 190 दिन चले विधान मंडल की कार्यवाही, गलत जवाब देने वाले अधिकारियों पर हो कार्रवाई

बिहार विधान परिषद सदस्य प्रशांत किशोर ने विधानसभा की कार्यवाही के दिनों में लगातार हो रही कमी पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को हुई सर्वदलीय बैठक के बाद उन्होंने मांग की कि बिहार विधानसभा को साल में कम से कम 190 दिन चलाया जाए....

सर्वदलीय बैठक में पीके की यह बड़ी मांग: कम से कम 190 दिन चले
सर्वदलीय बैठक में पीके की यह बड़ी मांग- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : जनसुराज के संस्थापक व बिहार विधान परिषद सदस्य (MLC) प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को हुई सर्वदलीय बैठक सदन की कार्यवाही बढ़ाने और गलत जवाब देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। बैठक खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में साल भर में सदन चलने के दिनों की संख्या लगातार कम हो रही है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष आंकड़े रखते हुए कहा कि 2010 से 2015 के बीच बिहार विधानसभा 189 दिन और 2015 से 2020 के बीच 154 दिन चली थी, जबकि पिछली विधानसभा में मात्र 146 दिन ही सदन चला, जो जन अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मांग की कि महज चार-पांच दिन चलाने के बजाय बिहार विधानसभा को कम से कम 190 दिन चलना चाहिए।


सदन के आश्वासनों पर अमल और गलत उत्तर देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

प्रशांत किशोर ने बताया कि बैठक में दूसरा प्रमुख विषय मंत्रियों और सरकार द्वारा सदन में दिए जाने वाले आश्वासनों पर अमल सुनिश्चित करने तथा अमल न होने की स्थिति में कार्रवाई का रहा। तीसरा विषय विभागों और अधिकारियों द्वारा प्रश्नों के दिए जाने वाले उत्तरों की गुणवत्ता से जुड़ा था, जिस पर चर्चा के दौरान कहा गया कि पिछले पांच या 20 वर्षों के प्रश्नों के उत्तरों की समीक्षा कर यह देखा जाए कि गलत उत्तर देने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई हुई या नहीं, ताकि अधिकारियों में जवाबदेही और डर बना रहे।


विधानसभा अध्यक्ष का सकारात्मक आश्वासन, नए पोर्टल के लिए सहायता डेस्क का सुझाव

उन्होंने बताया कि इन तीनों महत्वपूर्ण विषयों पर विधानसभा अध्यक्ष ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। इसके अलावा सदस्यों की ओर से यह सुझाव भी रखा गया कि प्रश्न पूछने के लिए बनाए गए नए पोर्टल व तकनीक को लेकर विधायकों व सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जाए और पोर्टल के उपयोग में किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए विधानसभा अध्यक्ष के साथ एक सहायता केंद्र या सहायता डेस्क की व्यवस्था होनी चाहिए।


अफसरशाही और कार्रवाई न होने पर तीखी टिप्पणी

अधिकारियों द्वारा गलत जवाब दिए जाने पर कार्रवाई न होने के मुद्दे पर प्रशांत किशोर ने कहा कि कई सदस्यों ने इस बात को उठाया कि गलत उत्तर पाए जाने पर भी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अधिकारियों में डर पैदा नहीं होगा।


विजेंद्र यादव के साथ बातचीत के सवाल पर दिया बेबाक जवाब

बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव के साथ बातचीत को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि वे बगल में बैठे हुए थे तो जो भी बात होगी, वह स्वाभाविक रूप से राजनीतिक ही होगी। उन्होंने कहा कि जब वे पास में बैठे हैं तो कहीं न कहीं तो बैठेंगे ही और इसमें किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए।


नरोत्तम की रिपोर्ट