विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण अभियान, मनोज कुमार ने कहा- हरियाली ही आने वाली पीढ़ियों की सबसे बड़ी पूंजी

मनोज कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रेरणा से वे पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़े हैं। वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील की.

Plantation drive by Manoj kumar
Plantation drive by Manoj kumar - फोटो : news4nation

Bihar News:  विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बिहार राज्य खाद्य आयोग के सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज कुमार ने हरित बिहार के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से मोकामा भाजपा पश्चिम मंडल के मोर गांव में पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


पौधारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की प्रेरणा से वे पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के सामने एक बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी भूमिका निभाए।

वृक्षारोपण बने जनआंदोलन

मनोज कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण की रक्षा करना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे धरती के फेफड़े हैं। जितनी अधिक हरियाली होगी, उतना ही पर्यावरण संतुलित रहेगा। आज आवश्यकता इस बात की है कि वृक्षारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम न बनकर जनआंदोलन का रूप ले। 

उन्होंने कहा, यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। प्रकृति हमें जीवन देती है और अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम प्रकृति को संवारने का काम करें। हरियाली ही समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली का आधार है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

एक लाख पौधारोपण अभियान

उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी जेपी गंगा पथ स्थित समग्र उद्यान परियोजना के तहत एक लाख पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पेड़ लगाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन राज्य के सभी जिलों में जाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करेंगे तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करेंगे।