Bihar Politics : ‘नीतीश सेतु’ के लोकार्पण से बिहार के विकास को मिली नई गति, विपक्ष की बढ़ी बेचैनी: डॉ. संतोष कुमार सुमन

Bihar Politics : मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देना केंद्र सरकार की राज्य के प्रति गंभीरता का प्रमाण है।

Bihar Politics : ‘नीतीश सेतु’ के लोकार्पण से बिहार के विकास
विपक्ष पर निशाना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री, बिहार सरकार डॉ. संतोष कुमार सुमन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज गंगा पर बने ऐतिहासिक छह लेन केबल-स्टे ब्रिज ‘नीतीश सेतु’ का लोकार्पण बिहार के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पुल केवल गंगा के दो किनारों को नहीं जोड़ेगा, बल्कि उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच विकास, व्यापार, रोजगार और नई संभावनाओं के रास्ते भी खोलेगा। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लंबे विकासात्मक प्रयासों और बिहार की आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देना इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार बिहार को लेकर कितनी गंभीर है। आज का दौरा बिहार के विकास की नई तस्वीर पेश करता है। लेकिन अफसोस है कि विपक्ष को इस ऐतिहासिक उपलब्धि में भी राजनीतिक नुकसान दिखाई दे रहा है। 

मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन ने कहा की बिहार को मिली विकास की सौगातों और ‘नीतीश सेतु’ जैसी बड़ी परियोजना ने विपक्ष की बेचैनी बढ़ा दी है। विकास के इस दृश्य से विपक्ष को राजनीतिक सदमा लगना स्वाभाविक है, क्योंकि जनता अब काम और परिणाम देख रही है।

डॉ. सुमन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकासात्मक योगदान से बिहार निरंतर आगे बढ़ा है। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य इस विकास यात्रा को और गति देगा। बिहार की जनता को पुल, सड़क, बिजली, शिक्षा और रोजगार चाहिए, न कि बेबुनियाद आरोप और नकारात्मक बयानबाजी। विपक्ष को भी विकास के इन कार्यों का स्वागत करना चाहिए, क्योंकि बिहार का विकास किसी दल विशेष की नहीं, बल्कि पूरे बिहार की जीत है।