26 अप्रैल को पीएम मोदी करेंगे 'मन की बात', कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर भाजपा की पूरी तैयारी
Bihar News : कल 26 अप्रैल को पीएम मोदी देश की जनता के साथ अपने मन की बात करेंगे। पीएम मोदी का यह 'मन की बात' कार्यक्रम का 133वां संस्करण होगा। इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए बिहार बीजेपी ने पूरी तैयारी की है...
Patna : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम इस महीने 26 अप्रैल को होने जा रहा है। इस कार्यक्रम को खास बनाने और जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश भाजपा पूरी तरह तैयार है। इस कार्यक्रम को लेकर आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक बैठक हुई जिसमें सभी मंडल के अध्यक्ष और मन की बात कार्यक्रम के संयोजक उपस्थित रहे।
26 अप्रैल को होने वाले 'मन की बात' कार्यक्रम के 133वें संस्करण की तैयारी के लिए वर्चुअल रूप से आयोजित इस बैठक में मंडल अध्यक्ष के अलावा भी कार्यक्रम के प्रदेश टीम के सदस्य भी शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'मन की बात' एक मासिक कार्यक्रम है, जिसमें वे देश के नागरिकों को संबोधित करते हैं।
इस कार्यक्रम को सुनना और देखना हर कोई चाहता है। ऐसे में प्रदेश भाजपा ने 26 अप्रैल को आयोजित होने वाले मन की बात कार्यक्रम को हर बूथ पर सुने जाने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे लोग प्रधानमंत्री के प्रेरक संबोधन को सुन सकें।
उन्होंने कहा कि हमारा ध्येय जन-भागीदारी और संगठनात्मक मजबूती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को हर बूथ तक पहुँचाना है।उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अपने मन की बात में समाज के अंदर किसी भी क्षेत्र में बेहतर काम करने वालो को रेखांकित कर उसकी सराहना करते हैं और उसे देश के सामने लाते हैं। इस कारण यह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।
बैठक में वर्चुअल माध्यम से प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया की उपस्थिति रही और उनका भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सह 'मन की बात' के प्रदेश संयोजक राजेंद्र सिंह तथा कार्यक्रम की प्रदेश टीम के साथ आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारी एवं जनभागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि हर महीने के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय महत्व के विषयों, सकारात्मक कहानियों और जन-भागीदारी पर बात करते हैं, जिसका उद्देश्य संवाद स्थापित करना और 'विकसित भारत' के संकल्प को मजबूत करना है।
इस कार्यक्रम में 'वोकल फॉर लोकल', प्राकृतिक खेती और विभिन्न अभियानों पर जोर दिया जाता है। जाहिर तौर पर यह एक देश के नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी अब तक विभिन्न समसामयिक मुद्दों, जैसे स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, खेल, विज्ञान, कला, संस्कृति, और 'आत्मनिर्भर भारत' जैसे अभियानों पर बात कर चुके हैं।
वंदना की रिपोर्ट