LPG cylinder News : पटना में अब इन उपभोक्ताओं की नहीं होगी LPG बुकिंग! गैस एजेंसियों पर घटी भीड़, प्रशासन की छापेमारी जारी

LPG cylinder News : पटना में अब इन उपभोक्ताओं की नहीं होगी L

LPG cylinder News : पटना में गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर प्रशासन की सख्ती का असर अब दिखने लगा है। कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक कीमत पर सिलेंडर बिक्री रोकने के लिए लगातार हो रही छापेमारी के बाद एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ कम हो गई है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य होने लगी है। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने एडीएम आपूर्ति आरके दिवाकर और एडीएम सह स्पेशल राशनिंग पदाधिकारी चित्रगुप्त कुमार समेत सभी अनुमंडल, प्रखंड और अंचल पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

गैस बुकिंग में आई कमी 

बैठक में बताया गया कि जिले की 136 गैस एजेंसियों में कुल 16,65,360 उपभोक्ता पंजीकृत हैं। पिछले 10 दिनों में 5,50,120 उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन अब यह औसत घटकर 35,461 रह गया है। वहीं वर्तमान में औसतन 41,094 सिलेंडर की दैनिक बिक्री हो रही है, जिससे साफ है कि आपूर्ति पर्याप्त है और उपभोक्ताओं को अब बुकिंग या डिलीवरी में कोई परेशानी नहीं हो रही।

ना करें अनावश्यक बुकिंग 

प्रशासन ने अपील की है कि भ्रामक खबरों से घबराकर अनावश्यक गैस बुकिंग न करें और वितरण केंद्रों पर भीड़ न लगाएं। ऑनलाइन बुकिंग के बाद सिलिंडर घर तक पहुंचाया जा रहा है। किसी भी तरह की समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 जारी किया गया है।

पीएनजी उपभोक्ताओं की LPG बुकिंग पर लगेगी रोक

प्रशासन ने आपूर्ति को और बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन है, उनकी LPG बुकिंग तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया गया है। वर्तमान में जिले में करीब 29,964 PNG उपभोक्ता हैं, जिनमें से लगभग 17 हजार लोग LPG सिलिंडर भी ले रहे हैं। इसके साथ ही जिन इलाकों में PNG पाइपलाइन पहुंच चुकी है, वहां कनेक्शन बढ़ाने के लिए शिविर लगाने का प्रस्ताव गेल के अधिकारियों को दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग PNG से जुड़ सकें।

इंडक्शन चूल्हे महंगे

इस बीच, गैस की बढ़ती मांग के असर बाजार पर भी दिख रहे हैं। होली से पहले जहां ऑनलाइन और स्मार्ट बाजारों में इंडक्शन चूल्हे 50% तक छूट पर मिल रहे थे, अब वे अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) के करीब बिक रहे हैं और छूट 10% से भी कम रह गई है। स्थानीय दुकानदार भी MRP पर ही बिक्री कर रहे हैं। कई दुकानदारों ने लोकप्रिय ब्रांड का स्टॉक खत्म होने और नई सप्लाई नहीं मिलने की बात कही है। वहीं, कुछ दुकानदार अब इंडक्शन के बजाय हीटर की बिक्री पर जोर दे रहे हैं।