Bihar police Raid: बिहार की जेलों में ताबड़तोड़ छापेमारी, इस जेल से बरामद हुआ संदिग्ध कागज, सुबह से ही एक्शन में प्रशासन
Bihar police Raid: बिहार की जेलों में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। सुबह से ही नालंदा, सीतामढ़ी, सीवान, मुुंगेर सहित कई जिलों में छापेमारी जारी है। सम्राट के सीएम बनते ही एक्शन जारी है।
Bihar police Raid: बिहार में दो दशक के बाद नीतीश कुमार की विदाई हो गई है। नीतीश कुमार के विदाई के साथ ही बिहार में बीजेपी सत्ता के केंद्र में आ गई है। बिहार के 24वें सीएम सम्राट चौधरी बने हैं। सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में आ गई है। नई सरकार के गठन होते हीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सख्त रुख का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। शुक्रवार तड़के राज्य के कई जिलों की जेलों में एक साथ सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। हालांकि पटना में छापेमारी की सूचना नहीं है लेकिन खबर लिखे जाने तक मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, छपरा, सीवान, मुंगेर, नालंदा, गोपालगंज और सीतामढ़ी से छापेमारी की खबर सामने आ रही है।
सुबह 4 बजे जेल में छापा, तीन घंटे तक तलाशी
नालंदा के बिहारशरीफ मंडल कारा में सुबह करीब 4 बजे अचानक छापेमारी की गई। उस वक्त बंदी अपने-अपने वार्ड में सो रहे थे। डीएम कुंदन कुमार और एसपी भारत सोनी के निर्देश पर भारी पुलिस बल ने जेल को चारों तरफ से घेर लिया। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में जेल के हर वार्ड और बैरक की गहन तलाशी ली गई। सुबह 6:30 बजे खुद डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। हालांकि अधिकारियों ने बरामदगी को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
भारी पुलिस बल के साथ ऑपरेशन
इस अभियान में एडीएम, एसडीओ, एएसपी, डीएसपी समेत कई वरीय अधिकारी शामिल रहे। दीपनगर, बिहारशरीफ, लहेरी और नालंदा थानों की पुलिस के साथ 100 से अधिक जवान तैनात किए गए थे। चार बड़ी बसों और कई वाहनों के काफिले के साथ टीम जेल पहुंची थी। कार्रवाई उस वक्त शुरू हुई जब सुबह के ठीक चार बज रहे थे और जेल के बंदी अपने-अपने वार्डों में सो रहे थे। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के निर्देश पर भारी संख्या में पुलिस बल ने एक साथ जेल के भीतर प्रवेश किया। अचानक हुई इस 'दस्तक' से न केवल बंदी बल्कि जेल कर्मियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीतामढ़ी में संदिग्ध कागजात बरामद
सीतामढ़ी मंडल कारा में डीएम रिची पांडेय और एसपी अमित रंजन के नेतृत्व में छापेमारी के दौरान एक वार्ड से 8 पन्नों का संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुआ। इसमें कई मोबाइल नंबर और आपत्तिजनक बातें लिखी मिलीं। दस्तावेज को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है। साथ ही कुख्यात बंदियों को केंद्रीय कारा शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
गोपालगंज, सीवान, मुंगेर और छपरा में भी कार्रवाई
गोपालगंज के चनावे मंडल कारा, मुंगेर के मंडल कारा, सीवान और छपरा के मंडल कारा की जेलों में भी प्रशासन ने औचक छापेमारी की। मुंगेर में एसपी, एडीएम और एसडीएम और कई थानों की पुलिस छापेमारी करने पहुंची। अधिकारियों ने बैरकों, कैदियों के सामान और संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की। हालांकि इन जगहों पर किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। राज्यभर में एक साथ की गई इस कार्रवाई को जेलों के भीतर अनुशासन कायम रखने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही या अवैध गतिविधि पर सख्ती से अंकुश लगाया जा सके।
नालंदा से राज, सीतामढ़ी से अविनाश, मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट