Bihar Politics: NDA में पोस्टर पॉलिटिक्स, नीतीश कुमार से सीएम पद नहीं त्यागने की अपील, निशांत को फ्यूचर CM बनाने पर अड़े कार्यकर्ता
Bihar Politics: पटना में जदयू कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए पोस्टरों में जहां नीतीश कुमार से मुख्यमंत्री पद छोड़ने के फैसले पर पुनर्विचार की अपील की गई है, वहीं उनके बेटे निशांत कुमार को “फ्यूचर सीएम” बताया गया है.
Bihar Politics: बिहार में सीएम नीतीश के राजसभा जाने को लेकर सियासी हलचल तेज है। सीएम नीतीश ने एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं अब उनके राज्यसभा सदस्य के रुप में शपथ ग्रहण करने और सीएम के पद से इस्तीफा देने का कार्यक्रम भी लगभग तय माना जा रहा है। वहीं दूसरी ओर राजधानी पटना में जदयू कार्यकर्ता और सीएम नीतीश के समर्थक लगातार उनसे अपील कर रहे हैं कि वो अपने इस फैसले को बदल दें। इसी बीच जदयू कार्यकर्ताओं के द्वारा एक ओर पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर में सीएम नीतीश से अपील की गई है कि वो एक बार फिर विचार करें। साथ ही इस तस्वीर में सीएम नीतीश के बेटे निशांत को 'फ्यूचर सीएम' बताया गया है।
सीएम नीतीश से अपील
दरअसल, पटना के अलग-अलग चौक-चौराहों पर जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए पोस्टरों ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इन पोस्टरों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पद छोड़ने के फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की गई है, वहीं उनके बेटे निशांत कुमार को “फ्यूचर सीएम ऑफ बिहार” बताया गया है। पोस्टर में लिखा है कि “जनता जनार्दन आपसे हाथ जोड़कर कर रहा पुकार, एक बार फिर से करें पुनर्विचार… अभी आप नहीं, मुख्यमंत्री पद छोड़ जाएं बिहार…”। इससे साफ है कि पार्टी के भीतर ही अलग-अलग संदेश सामने आ रहे हैं।
निशांत के नाम की चर्चा फिर तेज
यह पहली बार नहीं है जब निशांत कुमार को लेकर पोस्टर सामने आए हैं। इससे पहले भी उनके राजनीति में आने की मांग को लेकर जदयू कार्यकर्ता पोस्टर लगा चुके हैं। अब उन्हें भविष्य का मुख्यमंत्री बताने से राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं। एक ओर जहां खबर आ रही है कि सीएम नीतीश के बाद बीजेपी के पास सीएम पद होगा और सीएम बीजेपी का ही कोई बनेगा तो वहीं दूसरी ओर जदयू कार्यकर्ता लगातार निशांत को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं।
10 अप्रैल को शपथ
गौरतलब हो कि, सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को राज्यसभा की शपथ ले सकते हैं, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में नई सरकार के गठन को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, इन अटकलों के बीच पोस्टर पॉलिटिक्स ने बिहार की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि इन पोस्टरों के पीछे की मंशा क्या है और आने वाले दिनों में राजनीतिक समीकरण किस दिशा में जाते हैं।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट