Bihar Politics: बिहार के अगले सीएम बनेंगे चिराग पासवान! पटना के सड़कों पर लगा ऐसा पोस्टर कि बढ़ गया सियासी पारा, बीजेपी-जदयू भी टेंशन में...

Bihar Politics: बिहार का अगला सीएम कौन होगा इसको लेकर चर्चाएं तेज है। सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद बिहार के नए सीएम को लेकर मंथन चल रहा है इसी बीच पटना के सड़कों पर पोस्टर लगाकर चिराग पासवान को सीएम बनाने की मांग की गई है।

चिराग पासवान
चिराग बनेंगे अगले सीएम?- फोटो : देबांसु प्रभात

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में इन दिनों सियासी हलचल तेज है। सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने के बाद अब बिहार का अगला सीएम कौन होगा इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। एक ओर जहां खबर सामने आ रही है कि बिहार के अगला सीएम बीजेपी कोटे से हो सकता है तो वहीं एनडीए के सहयोगी दल भी अपना अपना दावा कर रहे हैं। इसी बीच लोजपा(रा) ने बड़ा दावा किया है। लोजपा(रा) की ओर से पटना की सड़कों पर ऐसी तस्वीर लगाई गई है जिसे देख बीजेपी और जदयू की नींद उड़ सकती है। पटना की सड़कों पर लोजपा(रा) ने पोस्टर लगाकर मांग की है कि बिहार का सीएम चिराग पासवान को बनाया जाए। 

बिहार के अगले सीएम हो चिराग 

शहर के कई प्रमुख चौराहों, गांधी मैदान के आसपास और अन्य व्यस्त इलाकों में ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें “ना दंगा हो ना फसाद हो, बिहार का सीएम सिर्फ चिराग हो” जैसे नारे लिखे हैं। यहां तक दावा किया गया है कि अगर चिराग पासवान सीएम बनेंगे तभी बिहार में स्वर्ण काल आएगा। पोस्टर में लिखा गया है कि अब समय आ गया है कि बिहार को युवा मुख्यमंत्री मिले। पोस्टरों में ये भी लिखा है कि “मोदी जी को मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद” और “चिराग होंगे बिहार के नए सरताज”। पोस्टरों ने लोगों का ध्यान खींच लिया है। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद बिहार के सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

समर्थक बता रहे अगला मुख्यमंत्री

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के समर्थक और कुछ स्थानीय कार्यकर्ता इन पोस्टरों के जरिए पार्टी प्रमुख चिराग पासवान को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। चिराग पासवान खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “हनुमान” बताते रहे हैं और हाल के वर्षों में बिहार की राजनीति में उनकी पकड़ मजबूत होती दिख रही है। बताया जा रहा है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने एनडीए के लिए अहम भूमिका निभाई थी। कई सीटों पर बेहतर प्रदर्शन के बाद चिराग पासवान को राज्य की राजनीति में एक मजबूत नेता के तौर पर देखा जाने लगा है।

नीतीश के विकल्प के तौर पर उठ रहा नाम

पटना में लगे पोस्टरों में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित विकल्प के रूप में भी पेश किया गया है। एक पोस्टर में लिखा है कि “मोदी जी के आशीर्वाद से चिराग बिहार के नए सरताज बनेंगे।” हालांकि पटना में इससे पहले भी कई बार ऐसे पोस्टर लगाए जा चुके हैं, खासकर चुनाव या राजनीतिक घटनाओं के समय। लेकिन इस बार इन पोस्टरों के जरिए चिराग को मुख्यमंत्री बनाने की मांग अधिक जोर से उठती दिख रही है।

युवा नेतृत्व और पासवान वोट बैंक पर नजर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन पोस्टरों के जरिए बिहार में युवा नेतृत्व और पासवान समुदाय की राजनीतिक ताकत को भी दिखाने की कोशिश की जा रही है। समर्थकों का कहना है कि चिराग पासवान का युवा चेहरा, प्रधानमंत्री मोदी के प्रति निष्ठा और विकास की राजनीति उन्हें लोकप्रिय बना रही है।

कौन हैं चिराग पासवान

चिराग पासवान का जन्म 31 अक्टूबर 1982 को हुआ था। वे लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र हैं। वर्तमान में वे केंद्र सरकार में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हैं और 2024 से हाजीपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी एलजेपी (रामविलास) ने एनडीए गठबंधन के तहत 29 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें 19 सीटों पर जीत दर्ज की। इससे पार्टी की विधानसभा में मजबूत उपस्थिति बनी है। वहीं लोकसभा में पार्टी के पांच सांसद हैं। पटना की सड़कों पर लगे इन पोस्टरों ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आने वाले समय में चिराग पासवान बिहार की राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं और क्या वे सचमुच मुख्यमंत्री पद के दावेदार बन पाएंगे? अब देखना होगा कि इस पोस्टर पर सहयोगी दलों का क्या रिक्शन होता है।