PM Modi 75th Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन आज, बिहार के इन नेताओं ने दी शुभकामनाएं
PM Modi 75th Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 साल के हो गए हैं। पीएम मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। देशभर के नेता पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं...

PM Modi 75th Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 75वां जन्मदिन है। इस खास मौके पर केंद्र सरकार, भारतीय जनता पार्टी और बीजेपी शासित राज्य सरकारें देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) की शुरुआत के साथ ही रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, ‘नमो युवा रन’ और अन्य सामाजिक कार्यक्रम पूरे देश में चलाए जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देशभर के नेता उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है।
हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच गए हैं
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, “हम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। हम उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं और ईश्वर से उनकी लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं।”
विकसित भारत 2047 का स्वप्न अब सपना नहीं संकल्प
वहीं उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने ट्विट कर कहा कि, "विश्व के सबसे महान, सबसे प्रेरणादायी, और इतिहास रचने वाले नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को उनके 75वें जन्मदिन पर मेरी तरफ से अनंत शुभकामनाएं। आपने न केवल देश को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया, बल्कि भारत को विश्व मंच पर गर्व से सिर ऊँचा कर खड़ा कर दिया। हर भारतीय के दिल में आपने आत्मगौरव की मशाल जलाकर पूरे राष्ट्र को नई ऊर्जा दी है। आपका “विकसित भारत 2047” का स्वप्न अब सिर्फ सपना नहीं, बल्कि पूरे देश की प्रार्थना और संकल्प बन चुका है।
एमपी दौरे पर पीएम
पीएम मोदी आज मध्य प्रदेश के धार जिले का दौरा करेंगे। यहां वह ‘स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार’ और ‘8वां राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री 75,000 हेल्थ कैंप्स की शुरुआत करेंगे, जो 2 अक्टूबर तक चलेंगे और महिलाओं व बच्चों के पोषण, जागरूकता और स्वास्थ्य पर केंद्रित रहेंगे। इसी दौरे में प्रधानमंत्री पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क का भूमि पूजन भी करेंगे। यह पार्क 2,158 एकड़ में विकसित किया जाएगा और इसे विश्वस्तरीय कपड़ा निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की योजना है।