Khan Sir Coaching Controversy: प्रिंस यादव की नेपाल के होटल में मौत, कमरे से मिली यह दवा
पटना के ज्ञान बिंदु और खान सर कोचिंग विवाद मामले के आरोपी प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में मौत हो गई।नेपाल पुलिस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और 3 बड़े दस्तावेजों से मौत की टाइमलाइन और होटल के कमरे से मिली दवा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ
पटना के खान सर कोचिंग सेंटर और ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद मामले में नामजद आरोपी प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सहरसा के रहने वाले 24 वर्षीय प्रिंस कुमार (रौशन सर के भाई) की मौत के बाद नेपाल पुलिस के तीन महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज सामने आए हैं। इन दस्तावेजों से यह पूरी तरह साफ हो गया है कि उस रात आखिर क्या हुआ था और पुलिस ने मामले को लेकर क्या-क्या शुरुआती कानूनी कदम उठाए हैं।
रात 11 बजे अचानक बिगड़ी तबीयत और रास्ते में तोड़ा दम
नेपाल पुलिस के दस्तावेजों के अनुसार, यह घटना 13 जून की रात की है। विराटनगर-10 स्थित 'शुभ होटल' के एक कमरे में ठहरे प्रिंस कुमार की रात करीब 11:00 बजे अचानक तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई। उन्हें तुरंत इलाज के लिए विराटनगर के श्री कोशी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में प्रिंस ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव को सुरक्षित रखवाया।

होटल के कमरे से मिली एपिलेप्सी की दवा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार
मौत की असली वजह जानने के लिए पुलिस ने कोशी अस्पताल के शवगृह से शव को बाहर निकाला और गवाहों के सामने बारीकी से जांच करके पोस्टमार्टम रिपोर्ट तैयार की। जांच के दौरान पुलिस को प्रिंस के होटल के कमरे से एपिलेप्सी (मिर्गी) की दवा भी बरामद हुई है। नेपाल पुलिस के मुताबिक, प्रिंस पहले से ही इस बीमारी की दवा का सेवन करते थे। हालांकि, मौत के सही और सटीक कारणों की पुष्टि के लिए ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई है।
ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान में पसरा सन्नाटा, कक्षाएं बंद
प्रिंस यादव की अचानक हुई इस मौत के बाद पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान में शोक और गम का माहौल है। घटना की संवेदनशीलता और दुख को देखते हुए कोचिंग संस्थान में फिलहाल सभी क्लासें बंद कर दी गई हैं। प्रिंस की मौत की खबर के बाद से संस्थान के छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ के बीच भारी दुख, तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है।