Bihar Flood: पुनपुन का रौद्र रूप, रेलवे ब्रिज के गार्डर तक पहुंचा पानी, पटना-गया रेलखंड पर 10 ट्रेनें रद्द

Bihar Flood: पुनपुन नदी के उफान ने पटना-गया रेलखंड की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। ...

Punpun Floods Disrupt Patna Gaya Rail Route 10 Trains Cancel
पुनपुन का रौद्र रूप- फोटो : reporter

Bihar Flood: पुनपुन नदी के उफान ने पटना-गया रेलखंड की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। पटना जिले के पुनपुन में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद पानी रेलवे पुल संख्या-21 के गार्डर तक पहुंच गया है। यात्रियों की सुरक्षा और पुल की संरक्षा को देखते हुए रेलवे ने डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है।

रेलवे के मुताबिक, 4 सितंबर की रात से पुल के आसपास पानी का दबाव बढ़ना शुरू हुआ था। शनिवार को स्थिति और गंभीर हो गई। करीब सात साल बाद पुनपुन नदी का पानी रेलवे ब्रिज को छूता नजर आया। एहतियात के तौर पर कई पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है।

फिलहाल पटना-गया रेलखंड पर अप लाइन से ही परिचालन कराया जा रहा है। जलमग्न इलाकों और संवेदनशील पुल-पुलियों से गुजरने वाली ट्रेनों की रफ्तार भी 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित कर दी गई है। पूर्व मध्य रेल प्रशासन ने किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।

रेलवे ने राज्यभर में 500 से अधिक रेलकर्मियों को निगरानी के लिए तैनात किया है। ये कर्मचारी पटरियों के कटाव, पानी के दबाव और पुलों की मजबूती पर लगातार नजर रख रहे हैं।

रेलवे के अनुसार 63242, 63244, 63245, 63247, 63248, 63251, 63256, 63274, 63250 और 63253 नंबर की मेमू ट्रेनों का परिचालन आज रद्द रहेगा।

वहीं पूर्णिया कोर्ट-हटिया एक्सप्रेस और हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस को पटना-गया-कोडरमा मार्ग के बजाय बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया-पहाड़पुर-बंधुआ के रास्ते चलाया जाएगा।

रेलवे का कहना है कि जलस्तर कम होने और पुल की संरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही डाउन लाइन पर परिचालन बहाल किया जाएगा। फिलहाल पुनपुन के बढ़ते जलस्तर ने रेल प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।