LATEST NEWS

Beur Jail Raid: आधी रात को बेऊर जेल में छापा, अनंत सिंह के वार्ड की हुई सघन तलाशी, जेल प्रशासन में हड़कंप

मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह जिस बेऊर जेल में बंद हैं, वहां पटना पुलिस ने रविवार की रात को छापेमारी की है।

Raid in Beur Jail
बेऊर जेल में छापा- फोटो : social Media

Raid In Beur Jail: पटना के बेऊर जेल में, जहां पूर्व विधायक अनंत सिंह बंद हैं, 2 फरवरी 2025 की आधी रात को पुलिस ने छापेमारी की। इस छापेमारी का नेतृत्व दानापुर के एएसपी ने किया और इसमें कई थाना प्रभारी भी शामिल थे। इस छापेमारी से जेल प्रशासन और कैदियों में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई थी।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों की टीम ने पूर्व विधायक अनंत सिंह के वार्ड में गहन तलाशी अभियान चलाया। बता दें  बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह की 14 दिनों की हिरासत के बाद बेउर जेल में यह पहली बार छापेमारी की गई है।  इस छापेमारी में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं पाई गई है।

छापेमारी का कारण

इस छापेमारी का मुख्य कारण जेल के अंदर अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण रखना था। हाल ही में बेऊर जेल में अवैध वसूली के मामलों का खुलासा हुआ था, जिसमें तत्कालीन जेल अधीक्षक और एक कक्षपाल पर आरोप लगे थे कि वे कैदियों से सुविधाओं के नाम पर पैसे ले रहे थे। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) द्वारा पहले की गई जांच में इस बात के पुख्ता सबूत मिले थे।

छापेमारी का प्रभाव

जेल में हुई इस छापेमारी से कैदियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान अनंत सिंह के वार्ड की भी सघन तलाशी ली गई, लेकिन कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। यह छापेमारी लॉ एंड ऑर्डर को बनाए रखने के लिए नियमित प्रक्रिया का हिस्सा थी।

बता दें अनंत सिंह को 21 जनवरी 2025 को मोकामा में हुई गोलीबारी के बाद गिरफ्तार किया गया था और उन्हें बेऊर जेल भेजा गया था। उनकी मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Editor's Picks