Bihar Land Survey: बिहार में आज से शुरू हुआ राजस्व महाअभियान, घर घर जाकर अधिकारी करेंगे दस्तावेजों की जांच, इन कागजातों को तैयार कर लें नहीं फंस जाएंगे

Bihar Land Survey: बिहार में आज से राजस्व महाभियान शुरु हो रहा है। राजस्व अधिकारी अब आपके दरवाजे तक पहुंचेंगे और दस्तावेजों की जांच करेंगे।

भूमि सर्वे
आज से राजस्व महाअभियान शुरु - फोटो : social media

Bihar Land Survey: बिहार में जमीन और जमाबंदी से जुड़े रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के लिए शुक्रवार यानी 16 अगस्त से राजस्व महाअभियान की शुरुआत हो गई है। यह महाअभियान 20 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों के जमीन से जुड़े कागजातों की जांच करेगी और जरूरी सुधार करेगी। सभी कागजात आपके पास होनी चाहिए नहीं तो आप फंस सकते हैं। 

आज से शुरु होगा अभियान 

बता दें कि, इस अभियान के तहत जिलों और प्रखंडों में शिविर लगाए जाएंगे। हर शिविर में 10 टेबल और 10 विशेष सर्वेक्षण अमीन लैपटॉप व इंटरनेट डोंगल के साथ मौजूद रहेंगे। मौके पर ही लोगों के आवेदन की प्राथमिक एंट्री की जाएगी। नामांतरण और बंटवारे से जुड़े आवेदन म्यूटेशन प्लस पोर्टल पर और सुधार संबंधी आवेदन परिमार्जन प्लस पोर्टल पर प्रोसेस होंगे।

क्या-क्या होगा महाअभियान में?

ऑनलाइन जमाबंदी में गलतियों का सुधार किया जाएगा। छूटी हुई जमाबंदियों को डिजिटाइज किया जाएगा। उत्तराधिकार और संयुक्त संपत्तियों के बंटवारे से जुड़े नामांतरण के आवेदन लिए जाएंगे। राजस्व विभाग की टीम घर-घर जाकर जमाबंदी की कॉपी और आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराएगी। शिविरों में दस्तावेज जमा करने और सत्यापन की सुविधा होगी।

जरूरी दस्तावेज

यदि जमीन अभी भी पूर्वजों के नाम पर दर्ज है और उसे अपने नाम पर करवाना है तो मृत्यु प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। इसके साथ वंशावली और संबंधित खाता-खेसरा व रकबा की जानकारी भी देनी होगी। महाअभियान को सफल बनाने के लिए अच्छे काम करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को अंचल, जिला और राज्य तीन स्तरों पर सम्मानित किया जाएगा।