Lalu Prasad Yadav Hospitalized: आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ी, पटना के IGIMS में भर्ती

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें पटना के IGIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है।राबड़ी देवी और मीसा भारती भी साथ मौजूद,डॉक्टरों की विशेष निगरानी में इलाज शुरू।

lalu prasad yadav hospitalized in igims
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ी, पटना के IGIMS में भर्ती - फोटो : Reporter

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य में गिरावट आने के बाद उन्हें तुरंत पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें भर्ती कर लिया है, जहां डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके स्वास्थ्य की कमान संभाल रही है।


परिजनों की बढ़ी चिंता: राबड़ी देवी और मीसा भारती भी साथ मौजूद

लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही उनके परिवार में चिंता की लहर दौड़ गई। अस्पताल ले जाए जाने के दौरान उनकी पत्नी व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटी व सांसद डॉ. मीसा भारती भी उनके साथ मौजूद रहीं। दोनों अस्पताल में ही रुकी हुई हैं और डॉक्टरों से लालू यादव के स्वास्थ्य का लगातार अपडेट ले रही हैं।


डॉक्टरों की विशेष देखरेख: गहन जांच और इलाज की प्रक्रिया शुरू

आईजीआईएमएस (IGIMS) अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद डॉक्टरों ने लालू प्रसाद यादव का प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कर दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उन्हें मेडिकल ऑब्जर्वेशन (देखरेख) में रखा गया है और जरूरी क्लीनिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। उनकी उम्र और पुरानी बीमारियों (मेडिकल हिस्ट्री) को देखते हुए चिकित्सक पूरी एहतियात बरत रहे हैं।


हाल ही में बदला था आशियाना: नए आवास में हुए थे शिफ्ट

आपको बता दें कि हाल ही में लालू प्रसाद यादव अपने पुराने ठिकाने से पटना के कौटिल्य नगर स्थित नए आवास में शिफ्ट हुए हैं। नए घर और उसके आस-पास के वातावरण को उनके स्वास्थ्य के अनुकूल तैयार किया गया था, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। हालांकि, इस बदलाव के बीच अचानक उनकी तबीयत नासाज हो गई।


समर्थकों में बढ़ी हलचल: अस्पताल प्रशासन मुस्तैद

लालू यादव के अस्पताल में भर्ती होने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई है, जिससे आरजेडी कार्यकर्ताओं और उनके प्रशंसकों में भारी हलचल है। अस्पताल के बाहर समर्थकों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त कर दी गई है। 

पटना से रंजन कुमार की रिपोर्ट