'राजद में कुछ लोगों को पैसा कमाने की भूख', तेजस्वी के इकाइयों को भंग करने के बाद अब भाई वीरेंद्र का बड़ा हमला

राजद में नेताओं के बीच आपसी टकराव कमता नजर नहीं आ रहा है. इसी क्रम में एक बार फिर राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने अपने ही दल के नेताओं को निशाने पर लिया है. साथ ही बिहार में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर ही सरकार को घेरा है.

Bhai Virendra
Bhai Virendra - फोटो : news4nation

Bihar News :  राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में संगठन को लेकर एक बार फिर अंदरूनी आवाजें तेज होती दिख रही हैं। पार्टी के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने संगठन के कुछ नेताओं पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें पैसा कमाने की भूख है और कुछ लोगों के आचरण में सुधार की कोई गुंजाइश नजर नहीं आती। हालांकि, उन्होंने किसी नेता का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। 


भाई वीरेंद्र ने कहा कि पार्टी के संगठन को लेकर जल्द ही नई कमेटियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि इस संबंध में फैसला पार्टी नेतृत्व की ओर से लिया जाएगा। उनका कहना था कि संगठन में बदलाव की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ेगी और पार्टी के नेता ही इस बारे में विस्तृत जानकारी देंगे।


अपराध को लेकर सरकार पर हमला

भाई वीरेंद्र ने बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला। तेजस्वी यादव द्वारा सीवान में एके-47 से जुड़ी घटना और राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को मुद्दा बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार में आम आदमी, किसान और पत्रकार समेत कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार हत्याएं हो रही हैं और सरकार इन घटनाओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि विपक्ष की ओर से मुख्यमंत्री से लगातार अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की गई, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।


उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई मामलों में गिरफ्तारी केवल दिखावे तक सीमित रह जाती है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि राज्य सरकार को अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए, लेकिन मौजूदा सरकार इस मोर्चे पर विफल साबित हुई है। 


तेजस्वी ने भंग की इकाइयां

दरअसल, राजद में संगठन के स्तर पर बड़े बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी ने अपनी संगठनात्मक संरचना को नए सिरे से तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। पार्टी की विभिन्न इकाइयों और प्रकोष्ठों के पुनर्गठन को संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।  तेजस्वी यादव ने पहले भी राजद को बूथ स्तर तक मजबूत करने और संगठन को अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया है। इसी वर्ष कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने पार्टी के संगठन को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर जोर दिया था।

अभिजीत की रिपोर्ट