RJD में 'महाभारत', भाई वीरेंद्र की तेजस्वी के करीबी को चेतावनी 'औकात में रहो, सब खोल दूंगा'... 'जिंदा चमड़े' का सप्लायर है

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने एक बार फिर बेहद तल्ख अंदाज में अपनी नाराजगी जाहिर की। वह राजनीति केवल तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के उद्देश्य से कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग तेजस्वी यादव का नाम इस्तेमाल कर लोगों से पैसे वसूलने के लिए करते हैं

Bhai Virendra
Bhai Virendra - फोटो : news4nation

Bihar News : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को मिली हार के बाद पार्टी के भीतर जुबानी जंग तेज होती जा रही है। खासकर तेजस्वी यादव के करीबी नेताओं और राजद विधायक भाई वीरेंद्र के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। पार्टी के भीतर संगठन, नेतृत्व और चुनावी रणनीति को लेकर उठ रहे सवाल अब सार्वजनिक बयानबाजी का रूप लेने लगे हैं।


इसी कड़ी में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने एक बार फिर बेहद तल्ख अंदाज में अपनी नाराजगी जाहिर की। भाई वीरेंद्र ने कहा कि वह राजनीति केवल तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के उद्देश्य से कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग तेजस्वी यादव का नाम इस्तेमाल कर लोगों से पैसे वसूलने और मुलाकात कराने का काम करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों की वजह से पार्टी की छवि खराब हो रही है।   उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं और नेतृत्व तक गलत संदेश पहुंचा रहे हैं।


'जिंदा चमड़े' का सप्लायर

उन्होंने तंज कसते हुए बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो मुझ पर टिप्पणी कर रहा है वह 'जिंदा चमड़े' का सप्लायर है। दरअसल, जिंदा चमड़े का सप्लायर कहकर आम तौर पर किसी पर मानव तस्करी या वैश्यावृति के धंधे में रहने वालों पर तंज कसा जाता है, ऐसे में भाई वीरेंद्र का यह तंज काफी तल्ख है। वहीं उन्होंने यह भी दावा किया कि शक्ति यादव के राजनीतिक और निजी जीवन से जुड़ी कई बातें उन्हें मालूम हैं और जरूरत पड़ने पर वे सबकुछ सार्वजनिक कर देंगे।


अपनी हैसियत देखें

उन्होंने कहा कि जब राजनीति में कुछ लोगों की पैदाइश भी नहीं हुई थी, तब से वह सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2010 में जब राजद के केवल 22 विधायक थे, तब भी वह पार्टी के साथ मजबूती से खड़े थे और आज भी लालू प्रसाद यादव तथा तेजस्वी यादव के प्रति पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उनके पास राजद के उन लोगों की पूरी जानकारी है, अगर उन्होंने सब कुछ सार्वजनिक कर दिया तो कई चेहरे बेनकाब हो जाएंगे। उन्होंने कहा, "मैं लालू यादव और तेजस्वी यादव का आदमी हूं। मेरी निष्ठा पार्टी और नेतृत्व के प्रति है। मेरी हैसियत पर सवाल उठाने वाले पहले अपनी हैसियत देखें।"


राजद विधायक ने आगे कहा कि कुछ लोग अपनी सीमाएं भूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें लगातार उकसाया गया तो वह कई ऐसे तथ्यों का खुलासा करेंगे, जिससे कुछ लोगों का राजनीति में टिकना मुश्किल हो जाएगा।