बिहार की सड़क परियोजनाओं को लेकर नितिन गडकरी से मिले पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन
बिहार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने प्रदेश की सड़क परियोजनाओं को लेकर केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान दोनो के बीच राज्य की सड़क अवसंरचना और कई महत्वपूर्ण सड़क व पुल परियोजनाओं को लेकर चर्ची हुई....
Patna : बिहार के पथ निर्माण मंत्री इं॰ कुमार शैलेंद्र ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य की सड़क अवसंरचना को मजबूत करने और कई महत्वपूर्ण सड़क व पुल परियोजनाओं को गति देने से जुड़े विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक बातचीत हुई।
विक्रमशिला सेतु के पास अस्थायी पॉन्टून ब्रिज के निर्माण का उठा मुद्दा
बैठक के दौरान विक्रमशिला सेतु के पुनर्निर्माण की अवधि में निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए समानांतर पॉन्टून ब्रिज के निर्माण का विषय प्रमुखता से रखा गया। इसके अलावा, मुजफ्फरपुर-बरौनी (NH-122) के चार लेन चौड़ीकरण, मुजफ्फरपुर पूर्वी बाईपास और NH-139 के नौबतपुर से झारखंड सीमा तक फोर-लेन निर्माण पर भी सहमति की दिशा में चर्चा हुई।
कांवरिया पथ और बिहपुर एलिवेटेड सड़क का प्रस्ताव भी शामिल
पथ निर्माण मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हाजीपुर से मुजफ्फरपुर तक सुरक्षित कांवरिया पथ के निर्माण और हाजीपुर पासवान चौक से बिदुपुर तक एलिवेटेड सड़क का प्रस्ताव भी रखा। साथ ही, बिहपुर-फुलौत कोसी पुल से स्थानीय गांवों को एप्रोच रैम्प से जोड़ने और NH-133E (भागलपुर-बलदौर) के कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया गया।
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति
मंत्री इं॰ कुमार शैलेंद्र ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार की अंतरराज्यीय एवं क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे यात्रा के समय में कमी आएगी, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और राज्य में व्यापार, कृषि, शिक्षा तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों को एक नया आयाम मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दिया सकारात्मक आश्वासन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया और जल्द ही बिहार आकर प्रस्तावित स्थलों का स्वयं निरीक्षण करने की बात कही। राज्य सरकार ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से बिहार का इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क और अधिक सुदृढ़ होगा।
नरोत्तम की रिपोर्ट