Patna News:सुबह 8 से राजधानी का ट्रैफिक सिस्टम चरमराया, रोड शो के कारण पटना में अफरा-तफरी, ऑफिस टाइम में लोगों को झेलनी पड़ रही भारी परेशानी

सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। एयरपोर्ट, बेली रोड, पटेल गोलंबर, गर्दनीबाग और गांधी मैदान जैसे व्यस्त इलाकों में बैरिकेडिंग कर सख्त नाकेबंदी की गई है। ..

Roadshow Disrupts Patna from 8 AM City Hit by Traffic Chaos
सुबह 8 से राजधानी का ट्रैफिक सिस्टम चरमराया- फोटो : social Media

Patna News: पटना में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य रोड शो को लेकर पूरे शहर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक होने वाले इस कार्यक्रम के चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। एयरपोर्ट, बेली रोड, पटेल गोलंबर, गर्दनीबाग और गांधी मैदान जैसे व्यस्त इलाकों में बैरिकेडिंग कर सख्त नाकेबंदी की गई है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कम से कम 3 घंटे पहले घर से निकलें।

हालांकि इमरजेंसी वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, लेकिन आम ट्रैफिक लगभग पूरी तरह ठप हो गया है। सुबह के पीक आवर्स में दफ्तर जाने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। गया रूट लाइन रोड पर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जबकि करबिगहिया आरओबी पर भी वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

शहर में जगह-जगह सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। चौक-चौराहों पर बैरिकेड लगाकर पुलिस लोगों के बैग और सामान की सघन तलाशी ले रही है। जांच के बाद ही लोगों को आगे जाने दिया जा रहा है, जिससे कई जगहों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

पटना जंक्शन से डाकबंगला तक सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है। वहीं जीपीओ, कोतवाली और बुद्धमार्ग क्षेत्र में भी यातायात पूरी तरह बंद है। डाकबंगला चौराहा से कुछ सीमित मार्गों को डायवर्ट किया गया है, जबकि न्यू डाकबंगला से एसपी वर्मा रोड में एंट्री बंद कर दी गई है।

शहर को खास तौर पर सजाया गया है, और कई जगहों पर भगवा रंग की सजावट, झंडे और बैनर लगाए गए हैं। इनकम टैक्स गोलंबर पर विशेष सजावट ने माहौल को राजनीतिक रंग दे दिया है। हालांकि दूसरी ओर,जाम और बंदी से परेशान लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। कई यात्रियों का कहना है कि ऑफिस टाइम में इस तरह की बंदी से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है और ऐसे कार्यक्रमों को छुट्टी के दिन आयोजित किया जाना चाहिए था। पूरे शहर में इस समय हाई अलर्ट जैसी स्थिति बनी हुई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।