rohini acharya: श्रद्धांजलि सभा में भावुक हुईं रोहिणी आचार्य, बोलीं- पापा के सिंगापुर इलाज में थी आरके सिन्हा की बड़ी भूमिका
rohini acharya: पटना में आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में रोहिणी आचार्य भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि लालू यादव के सिंगापुर में इलाज कराने में आरके सिन्हा की बड़ी भूमिका थी।
rohini acharya: दिवंगत पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) की श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज में पहुंचीं रोहिणी आचार्य भावुक हो गईं। उन्होंने आरके सिन्हा को अपने पिता समान बताया और कहा कि उनसे उनका बेहद करीबी रिश्ता था। रोहिणी ने यह भी बताया कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव का सिंगापुर में इलाज कराने में आरके सिन्हा की बड़ी भूमिका थी। उन्होंने ही परिवार को लालू यादव को इलाज के लिए सिंगापुर ले जाने की सलाह दी थी।
'आरके अंकल मेरे पिता समान थे'
रोहिणी आचार्य ने कहा कि आरके सिन्हा उनके लिए पिता की तरह थे। उनसे उनका काफी करीबी रिश्ता था। रोहिणी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव के इलाज के लिए सिंगापुर जाने का सुझाव भी आरके सिन्हा ने ही दिया था। उन्होंने कहा, "उन्हीं की वजह से हमलोग पापा का इलाज सिंगापुर में करा पाए. वही फोर्स किए थे कि एक बार लालू जी को सिंगापुर लेके आपलोग जाओ और डॉक्टर से मिलो।" रोहिणी ने आगे कहा, "जो भी पापा को या मुझे आपलोग देख रहे हैं, सब आरके अंकल की वजह से है।" उनके इस बयान से आरके सिन्हा के साथ उनके परिवार के करीबी रिश्ते का पता चलता है।
नीतीश कुमार से मिलने के सवाल पर क्या बोलीं रोहिणी?
इससे पहले दिल्ली से पटना लौटने के बाद रोहिणी आचार्य ने पटना एयरपोर्ट पर छठ के प्रसाद को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि वह नीतीश कुमार के यहां जाएंगी और छठ का प्रसाद खाएंगी। इसके बाद पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह नीतीश कुमार से मिलने भी जाएंगी? इस पर रोहिणी ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "कौन बोला कि मैं नीतीश कुमार से मिलने जाएंगी। सब बात आपलोग खुद बोलते हैं।"
सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के साथ दिखीं रोहिणी
आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में रोहिणी आचार्य के अलावा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी पहुंचे थे। इस दौरान सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की मुलाकात हुई। दोनों ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और कुछ देर बातचीत भी की। बांकीपुर चुनाव के बाद दोनों पहली बार आमने-सामने आए थे। वहीं, रोहिणी आचार्य भी सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के साथ बैठी नजर आईं। तीनों की साथ बैठी तस्वीर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
30 अक्टूबर को हुआ था आरके सिन्हा का निधन
75 वर्षीय डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा का निधन 30 अक्टूबर 2026 को नोएडा स्थित उनके आवास पर हुआ था। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। निधन के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया गया था। मुख्यमंत्री समेत कई राजनीतिक दलों के नेताओं और बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। आरके सिन्हा बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। इसके अलावा वह SIS ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन थे। कारोबारी जगत में भी उनकी अलग पहचान थी।