Rohtas Crime: रोहतास में थाने के अंदर आत्मघाती कोशिश! युवक ने काटी कलाई, खाई गोलियां

Rohtas Crime:: रोहतास में अपहरण के आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उनसे हाथ की कलाई काट ली।

Rohtas kidnapping
युवक का सुसाइड अटेम्प्ट- फोटो : social media

Rohtas Crime:  रोहतास जिले में पुलिस ने रविवार (26 अप्रैल 2026) को एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी नोखा थाना क्षेत्र के बलिगांवा गांव से की गई। लेकिन गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।

पुलिस के अनुसार, जैसे ही युवक को लगा कि वह घिर चुका है, उसने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उसने किसी धारदार चीज से अपनी कलाई काटने की कोशिश की और साथ ही कुछ आपत्तिजनक दवाइयां भी खा लीं। इसके बाद वह बेहोश हो गया।

हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक की हालत बिगड़ते ही उसे तुरंत सासाराम के सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सासाराम के एसडीपीओ दिलीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नोखा थाना क्षेत्र के मेयारी बाजार निवासी अंकित गुप्ता के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि उसने शिवसागर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी मौसी के घर आई एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में लड़की के परिवार ने पहले ही थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

आरोपी और लड़की दिल्ली में रहते थे 

जानकारी के अनुसार, आरोपी और लड़की दोनों पहले दिल्ली में रहते थे और उनके बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया था कि उन्होंने एक-दूसरे पर चाकू से हमला भी किया था, जिसके निशान उनके हाथों पर अभी भी मौजूद हैं। दो दिन पहले दोनों दिल्ली से अपने घर के लिए निकले थे। लड़की अपनी मौसी के गांव पहुंची, लेकिन वहां उसे रखने से मना कर दिया गया। इसी दौरान आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहा था। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बलिगांवा गांव में एक दुकान पर बैठा हुआ है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। लेकिन थाने ले जाने के दौरान उसने मौका पाकर ब्लेड से अपनी कलाई काट ली और नशीली गोलियां खा लीं।