'मंत्री या मंत्री का बेटा दोषी हुआ तो जेल तय' — NEET छात्रा हत्याकांड में राबड़ी देवी को सम्राट चौधरी का जवाब

सम्राट ने कहा कि हम बेटियों के सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए काम कर रहे हैं । राबड़ी देवी या तो सबूत दे और सबूत नहीं दे रही है तो इसका मतलब है वह सबूत को छुपा रही है ।

samrat chaudhary
samrat chaudhary - फोटो : news4nation

NEET Student Murder :  पटना में हुई नीट छात्रा हत्याकांड को लेकर बिहार की सियासत लगातार गरमाई हुई है। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने राबड़ी देवी को खुली चुनौती देते हुए कहा, “राबड़ी देवी जी जनता के बीच नाम बताएं, मैं गारंटी देता हूँ किसी भी मंत्री या मंत्री के बेटे का नाम आएगा तो 24 घंटे के अंदर जेल में डालूंगा।”



सम्राट चौधरी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की हत्या को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। राबड़ी देवी ने इस घटना को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाए थे कि सत्ता से जुड़े लोगों को संरक्षण मिल रहा है। इसी के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने साफ कहा कि राज्य सरकार दोषियों को बचाने वाली नहीं है और किसी भी कीमत पर न्याय दिलाया जाएगा। इस पर सम्राट ने कहा कि हम बेटियों के सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए काम कर रहे हैं । राबड़ी देवी या तो सबूत दे और सबूत नहीं दे रही है तो इसका मतलब है वह सबूत को छुपा रही है ।




गौरतलब है कि पटना के एक इलाके में नीट छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद यह मामला पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया। शुरुआती जांच में कई बिंदुओं पर सवाल उठे, जिसके बाद सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने का फैसला लिया। सरकार का कहना है कि सीबीआई जांच से सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।



इस मुद्दे पर बिहार विधानसभा में भी तीखी बहस देखने को मिली। विपक्ष ने सरकार पर कानून-व्यवस्था फेल होने का आरोप लगाया, जबकि सत्तापक्ष ने कहा कि यह सरकार पारदर्शी जांच और त्वरित कार्रवाई में विश्वास रखती है। सम्राट चौधरी ने विधानसभा में भी दोहराया कि चाहे आरोपी कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।