सम्राट चौधरी ने बुलाई एनडीए की बैठक, बिहार को लेकर होगा बड़ा फैसला, सियासी हलचल तेज
बैठक में बिहार के आर्थिक विकास को गति देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन पर भी विशेष चर्चा होगी। सरकार और संगठन के बीच ऐसा समन्वय विकसित करने पर जोर रहेगा,
NDA Meeting : पटना में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की अहम बैठक आयोजित होने जा रही है। बैठक से पहले जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि इस बार की बैठक का उद्देश्य केवल राजनीतिक रणनीति तय करना नहीं, बल्कि जिला और ब्लॉक स्तर तक बेहतर समन्वय स्थापित कर बिहार के विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।
संजय झा ने बताया कि बैठक में एनडीए के सभी पांच घटक दलों के जिलाध्यक्ष, पार्टी के वरिष्ठ नेता, बिहार सरकार के मंत्री और गठबंधन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अब समन्वय सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हर जिले और ब्लॉक स्तर तक संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल होना जरूरी है।
जनता की अपेक्षाओं पर चर्चा
उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद मिले फीडबैक की समीक्षा भी बैठक का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। जिलाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी स्थिति, चल रही विकास योजनाओं, जनता की अपेक्षाओं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी देंगे। इन सुझावों के आधार पर आगे की योजनाओं को और प्रभावी बनाया जाएगा। संजय झा ने कहा कि जमीनी फीडबैक के आधार पर बनाई गई योजनाएं अधिक सफल होती हैं और उनका लाभ सीधे लोगों तक पहुंचता है।
सरकार और संगठन के बीच समन्वय
बैठक में बिहार के आर्थिक विकास को गति देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन पर भी विशेष चर्चा होगी। सरकार और संगठन के बीच ऐसा समन्वय विकसित करने पर जोर रहेगा, जिससे गांवों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे, स्थानीय समस्याओं का शीघ्र समाधान हो और रोजगार, आधारभूत संरचना तथा कृषि से जुड़े विकास कार्यक्रमों को नई गति मिल सके।
संजय झा ने विपक्षी गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पूरे देश ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की स्थिति देखी है। उनके अनुसार, जिन दलों की स्पष्ट विचारधारा और जनता के प्रति प्रतिबद्धता नहीं होती, उनका यही हाल होता है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के दल अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं और बाद में सत्ता के लिए एकजुट हो जाते हैं, जिससे उनकी राजनीतिक विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं।
डेमोग्राफी पर विशेष निगरानी
एनडीए की इस बैठक की पृष्ठभूमि में हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई गृह मंत्रालय की बैठक भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उस बैठक में सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों को सीमा सुरक्षा और अधिक मजबूत करने, घुसपैठ तथा तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही सीमावर्ती इलाकों की बदलती जनसांख्यिकीय स्थिति (डेमोग्राफी) पर विशेष निगरानी रखने और प्रशासनिक सतर्कता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया था।
ग्रामीण विकास पर ध्यान
सूत्रों के अनुसार, पटना में होने वाली एनडीए बैठक में अमित शाह के इन निर्देशों की भावना के अनुरूप संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय, सीमावर्ती एवं ग्रामीण जिलों में विकास कार्यों की गति तेज करने, योजनाओं की निगरानी और जिला स्तर से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा होगी। गठबंधन का प्रयास है कि विकास, सुशासन और सुरक्षा—इन तीनों मोर्चों पर जिला और ब्लॉक स्तर तक एक समान रणनीति के साथ काम किया जाए, ताकि बिहार के आर्थिक विकास को और गति मिल सके।