Republic Day 2026: पुलिस मुख्यालय में मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने किया ध्वजारोहण

Republic Day 2026: पुलिस मुख्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पुलिस मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।

गणतंत्र दिवस
सम्राट चौधरी ने फहराया झंडा - फोटो : reporter

Republic Day 2026:  देशभर में आज 77 वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। हर्ष उल्लास के साथ सभी ने गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने तिरंगे को सलामी दी और पुलिसकर्मियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

सम्राट चौधरी ने फहराया झंडा 

ध्वजारोहण से पूर्व बिहार पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और डीजीपी विनय कुमार ने तिरंगे को सलामी दी। समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध पर नियंत्रण और अपराधियों को न्यायालय से सख्त सजा दिलाना ही पुलिस की पहली और अंतिम प्राथमिकता होनी चाहिए। 

नहीं बचेगा एक भी अपराधी 

उन्होंने कहा कि एक भी अपराधी बचना नहीं चाहिए और हर हाल में पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए। गृह मंत्री ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस बल के प्रयासों की सराहना की और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया। सम्राट चौधरी ने कहा कि मजबूत पुलिस व्यवस्था और औद्योगिक विकास के जरिए बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा और देश को एक बार फिर “सोने की चिड़िया” बनाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

कारगिल चौक पर फहराया गया झंडा 

इस अवसर पर डीजीपी विनय कुमार, अपर मुख्य गृह सचिव अरविंद चौधरी, डीजी कुंदन कृष्णन, एडीजी सीआईडी पारस नाथ, एडीजी कमजोर वर्ग अमित कुमार जैन सहित पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने संविधान और लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दूसरी ओर, पटना प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार परासर ने कारगिल चौक पर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। पटना आईजी,पटना एसएसपी सहित सभी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। 

पटना से अनिल की रिपोर्ट