Bihar News : पटना उपभोक्ता आयोग का बड़ा फैसला, मृतक की बेटी को ₹7.52 लाख के FD भुगतान के लिए SBI को दिया निर्देश, मुआवजा भी देना होगा
Bihar News : पटना जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने SBI को मृतक खाताधारक की सात सावधि जमा की परिपक्वता राशि उनके वैध उत्तराधिकारी को भुगतान करने का कड़ा निर्देश दिया है।
PATNA : जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, पटना ने एक महत्वपूर्ण मामले में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को मृतक खाताधारक की सात सावधि जमा (Fixed Deposit) की परिपक्वता राशि उनके वैध उत्तराधिकारी को भुगतान करने का निर्देश दिया है। मामले के अनुसार, परिवादी की पुत्री दिव्या रंजन ने भारतीय स्टेट बैंक में अटल पेंशन योजना के तहत खाता तथा सात सावधि जमा कराई थीं। इन सात सावधि जमाओं की कुल राशि ₹7,52,142 थी। दिनांक 09.01.2020 को उनकी मृत्यु के बाद परिवादी ने बैंक से राशि के भुगतान का अनुरोध किया।
बैंक द्वारा सावधि जमा में नामांकन (Nomination) दर्ज नहीं होने की बात कहते हुए उत्तराधिकार प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने को कहा गया था। आयोग ने मामले की सुनवाई के दौरान पाया कि बैंक के CBS सिस्टम में नामांकन की स्थिति में दर्ज 'Y' का वास्तविक अर्थ क्या है, यह तकनीकी विषय है, जिसकी विशेषज्ञ से व्याख्या आवश्यक है। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया कि मृतक खाताधारक की सावधि जमा की राशि का भुगतान भारतीय रिजर्व बैंक के मृतक खाताधारकों के भुगतान संबंधी दिशा-निर्देशों तथा हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 के प्रावधानों के अनुरूप किया जाना चाहिए।
आयोग ने बैंक को निर्देश दिया है कि परिवादी द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद बिना अनावश्यक विलंब के सातों सावधि जमाओं की परिपक्वता राशि का भुगतान किया जाए। साथ ही, मानसिक पीड़ा एवं शारीरिक परेशानी के लिए ₹10,000 मुआवजा तथा ₹5,000 मुकदमा खर्च देने का भी आदेश दिया गया है।
आयोग ने आदेश की प्राप्ति के 120 दिनों के भीतर इसका अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। यह आदेश जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, पटना के अध्यक्ष प्रेम रंजन मिश्रा एवं सदस्य रजनीश कुमार की पीठ द्वारा दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को पारित किया गया।