पटना पुलिस का एक्शन: लोडीपुर चांदमारी के पास पिस्टल और कारतूस के साथ धराए हथियार तस्कर व अपराधी
शाहपुर थाना पुलिस ने लोडीपुर चांदमारी के पास वाहन जांच के दौरान 1 देसी पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस और 3 मोबाइल के साथ 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिसिया पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अवैध हथियार के बल पर रंगदारी और अवैध बालू खनन जैसी घटनाओं को अंजाम
पटना पश्चिमी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के लोडीपुर चांदमारी के पास सघन वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन युवकों—अभिनंदन कुमार उर्फ अंकित, बसंत कुमार और आदित्य राज को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे इन युवकों को खदेड़ कर पकड़ा गया, जिनके पास से 1 देसी पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस और 3 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
हथियार सप्लायर की निशानदेही और चौथी गिरफ्तारी
पकड़े गए तीनों आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने हथियार नेटवर्क का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि उन्हें हथियार बिट्टन शर्मा नामक व्यक्ति उपलब्ध कराता था। गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर त्वरित छापेमारी करते हुए पुलिस ने मुख्य आपूर्तिकर्ता बिट्टन शर्मा (पिता-स्व. सुदामा शर्मा, निवासी-गंगहारा) को भी गिरफ्तार कर लिया।
रंगदारी और अवैध बालू खनन से जुड़े तार
पुलिसिया पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ये सभी आरोपी अवैध हथियार के बल पर क्षेत्र में रंगदारी वसूलने और अवैध बालू खनन जैसी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते थे। गिरफ्तार चारों अभियुक्त (अभिनंदन कुमार, बसंत कुमार, आदित्य राज और बिट्टन शर्मा) शाहपुर थाना क्षेत्र के गंगहारा गांव के ही रहने वाले हैं।
आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, पुलिस टीम की सराहना
इस पूरे मामले में शाहपुर थाना कांड सं.-349/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम (जिसमें अ०नि० आलोक कुमार, पप्पू कुमार, अनुज कुमार, मदन किशोर सिंह और सशस्त्र बल शामिल थे) की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में बड़े अपराध को टालने में सफलता मिली है।
पटना से रंजीत की रिपोर्ट