Bihar News : पटना में चेन स्नैचिंग गिरोह का शातिर बदमाश गिरफ्तार, सोने की अंगूठी, चांदी का ब्रेसलेट व आईफोन बरामद, छीनी गई चेन को गलाकर बनाए थे गहने
Bihar News : पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.......पढ़िए आगे
PATNA : राजधानी पटना की कंकड़बाग थाना पुलिस ने इलाके में राहगीरों से चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नालंदा जिले के मूल निवासी दीपक उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पटना के दीपनगर इलाके में रहकर आपराधिक घटनाओं में लिप्त था। पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर त्वरित घेराबंदी करते हुए उसे कंकड़बाग क्षेत्र से धर दबोचा।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक सोने की अंगूठी, एक चांदी का ब्रेसलेट और एक आईफोन बरामद किया गया है। कड़ाई से की गई शुरुआती पूछताछ में अभियुक्त ने कंकड़बाग और आसपास के इलाकों में चेन स्नैचिंग की कई घटनाओं में अपनी प्रत्यक्ष संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसने यह भी कबूल किया कि वह राहगीरों से छीनी गई सोने की चेन को तुरंत गला देता था और पहचान छुपाने के लिए उससे नए आभूषण बनवा लेता था।
पूछताछ में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बरामद सोने की अंगूठी और चांदी का ब्रेसलेट उसी ने छीनी गई चेन को गलवाकर तैयार करवाया था। स्नैचिंग के माल को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी आभूषणों का रूप बदलकर उसे निजी इस्तेमाल या बिक्री के लिए तैयार करता था, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके और माल की बरामदगी में कोई सीधा सुराग न मिल सके।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ (सदर-1) मनोज कुमार ने बताया कि दीपक उर्फ बिट्टू पूर्व में गिरफ्तार किए जा चुके मुख्य सरगना मोहित के गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उन्होंने बताया कि मोहित जेल जाने से पहले या अपने नेटवर्क के जरिए इसे निर्देश देता था, जिसके इशारे पर दीपक पटना के अलग-अलग पॉश और भीड़भाड़ वाले इलाकों में झपटमारी की वारदातें करता था।
एसडीपीओ ने आगे स्पष्ट किया कि पुलिस हिरासत में लिए गए अभियुक्त से गिरोह के अन्य भागे हुए सदस्यों, उनके नेटवर्क और पूर्व में की गई अन्य स्नैचिंग की घटनाओं के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही आरोपी के पास से बरामद आभूषणों और आईफोन के वास्तविक मालिकों का पता लगाने के लिए दर्ज कांडों के साथ मिलान किया जा रहा है।
अनिल की रिपोर्ट