Araria News: भारत-नेपाल सीमा पर 731 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त, फारबिसगंज का युवक गिरफ्तार

एसएसबी 56वीं वाहिनी और जोगबनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मीरगंज गांव के पास 610 ग्राम ब्राउन शुगर (डिब्बे सहित 731 ग्राम) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक फारबिसगंज का रहने वाला है। एसएसबी और पुलिस का यह संयुक्त अभियान

Araria  brown sugar seized smuggler arrested
अररिया में 610 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार- फोटो : Reporter

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसएसबी 56वीं वाहिनी बथनाहा और जोगबनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार रात चलाए गए एक विशेष गश्ती अभियान के दौरान भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 179/2 के समीप मीरगंज गांव (फुलकाहा क्षेत्र के बीओपी पथरदेवा) के पास एक युवक को 610 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया।


फारबिसगंज का युवक गिरफ्तार, पैकेट सहित 731 ग्राम वजन 

गिरफ्तार युवक की पहचान फारबिसगंज थाना क्षेत्र निवासी 29 वर्षीय जितेंद्र कुमार मंडल (पिता- मायानंद मंडल) के रूप में हुई है। संयुक्त टीम ने आरोपी के पास से प्लास्टिक पैकेजिंग डिब्बों में रखी ब्राउन शुगर जब्त की। प्लास्टिक पैकिंग सहित जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 731.18 ग्राम मापा गया है।


मामला दर्ज कर जोगबनी पुलिस को सौंपा गया

आवश्यक कागजी कार्रवाई और जब्ती सूची तैयार करने के बाद गिरफ्तार आरोपी और जब्त ब्राउन शुगर को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जोगबनी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नेटवर्क के अन्य तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।


तस्करी के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान

 मामले की जानकारी देते हुए अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने संयुक्त टीम की कार्रवाई की पुष्टि की। वहीं 56वीं वाहिनी एसएसबी की ओर से कहा गया कि सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य सभी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी का यह संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

अररिया से राजेश कुमार की रिपोर्ट