Train Accident : पटना में बड़ा ट्रेन हादसा ! दो हिस्सों में बंटी श्रमजीवी एक्सप्रेस, यात्रियों में मचा हड़कंप

Train Accident : राजधानी पटना में बड़ा ट्रेन हादसा होते होते टल गया। श्रमजीवी एक्सप्रेस दो हिस्सों में बंट गई। इस हादसा से यात्रियों में हड़कंप मच गया। पढ़िए आगे....

श्रमजीवी एक्सप्रेस
दो हिस्सों में बंटी श्रमजीवी एक्सप्रेस- फोटो : social media

Train Accident :  राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां सुबह सुबह बड़ा रेल हादसा होते होते टल गया। जानकारी अनुसार फतुहा स्टेशन के पास श्रमजीवी एक्सप्रेस दो हिस्सों में बंट गई। इस घटना के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री को कोई नुकसान  नहीं पहुंचा है। 

दो हिस्सों में बंटी ट्रेन 

दरअसल, पूरा मामला पटना के फतुहा रेलवे स्टेशन का है। जहां सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। श्रमजीवी एक्सप्रेस की दो बोगियां कपलिंग टूटने से मुख्य ट्रेन से अलग हो गईं। गनीमत रही कि यह घटना ट्रेन खुलने के तुरंत बाद हुई और कोई यात्री घायल नहीं हुआ।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी अनुसार सोमवार सुबह करीब 8:10 बजे श्रमजीवी एक्सप्रेस फतुहा से आगे के लिए रवाना हुई। प्लेटफार्म छोड़ते ही अचानक दो कोच मुख्य रैक से अलग होकर प्लेटफार्म पर ही रुक गए। गार्ड और स्टेशन मास्टर को सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया गया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

21 मिनट में जोड़े गए डिब्बे

रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 8:31 बजे अलग हुई बोगियों को फिर से जोड़ा। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को 9:02 बजे सुरक्षित रूप से गंतव्य की ओर रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह मामला कपलिंग टूटने का है। स्टेशन पर समय रहते गड़बड़ी पकड़ ली गई, वरना तेज रफ्तार में कोच अलग होने से बड़ा हादसा हो सकता था।

जांच में जुटे अधिकारी 

कपलिंग टूटने के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। घटना के दौरान यात्रियों में कुछ देर अफरा-तफरी जरूर रही, लेकिन त्वरित कार्रवाई से किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। फिलहाल ट्रेन अपने तय मार्ग पर रवाना कर दी गई है।