सिंगापुर जाना सस्ता, पटना आना महंगा: होली पर 'विदेशी' हुआ बिहार का हवाई सफर

होली के अवसर पर महानगरों से पटना का किराया इतना बढ़ गया है कि इसने अंतरराष्ट्रीय यात्राओं को भी पीछे छोड़ दिया है। मजबूरी में यात्रियों को सामान्य से तीन गुना अधिक दाम चुकाने पड़ रहे हैं।

Singapore is cheap Patna is expensive Bihar air travel becom
सिंगापुर जाना सस्ता, पटना आना महंगा: होली पर 'विदेशी' हुआ बिहार का हवाई सफर- फोटो : news 4 nation

होली के मौके पर घर लौटने वाले बिहारियों के लिए इस बार का सफर किसी 'अग्निपरीक्षा' से कम नहीं है। ट्रेनों में टिकट न मिलने के कारण हवाई जहाज ही आखिरी विकल्प बचा है, लेकिन महानगरों से पटना का किराया इतना बढ़ गया है कि इसने अंतरराष्ट्रीय यात्राओं को भी पीछे छोड़ दिया है। मजबूरी में यात्रियों को सामान्य से तीन गुना अधिक दाम चुकाने पड़ रहे हैं।

सिंगापुर से भी महंगा हुआ पटना का टिकट

किराये में इस बेतहाशा बढ़ोतरी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुंबई से पटना आने वाली फ्लाइट का टिकट दिल्ली से सिंगापुर जाने वाली फ्लाइट से भी महंगा हो गया है। जहां सिंगापुर जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट का किराया लगभग 15,497 रुपये है, वहीं मुंबई से पटना की सीधी उड़ान 17,000 रुपये के पार पहुंच गई है। सोशल मीडिया पर लोग इस असंतुलन को लेकर अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

महानगरों से पटना आना हुआ 'प्रीमियम'

केवल मुंबई ही नहीं, बल्कि दिल्ली, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे शहरों से भी पटना का सफर 'लग्जरी' बन गया है। दिल्ली से पटना का किराया, जो सामान्यतः 4 से 5 हजार होता है, अब 13,000 रुपये के पार है। आईटी हब बेंगलुरु और चेन्नई से घर आने वाले प्रोफेशनल्स को 15,000 रुपये से अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। सबसे अधिक दबाव 1 और 2 मार्च की सीटों पर है, क्योंकि लोग होली के ठीक पहले घर पहुंचना चाहते हैं।

ट्रेनें फुल होने से बढ़ा फ्लाइट्स पर बोझ

हवाई किराये में इस रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोत्तरी का सबसे बड़ा कारण ट्रेनों में कंफर्म टिकट का न मिलना है। प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के चलते लोग फ्लाइट की ओर रुख कर रहे हैं। हालांकि रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन भारी भीड़ के कारण वे नाकाफी साबित हो रही हैं। प्रशासन अब 200 'होली स्पेशल' बसें चलाने की तैयारी में है, ताकि आम यात्रियों को कुछ राहत मिल सके।