'सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही बेलगाम हुए अपराधी', सीतामढ़ी में जिला पार्षद पति की हत्या पर भाजपा सरकार पर बरसे तेजस्वी यादव

सीतामढ़ी में बैद्यनाथ महतो की पत्नी खुश्दिल देवी जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य हैं। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

Tejashwi Yadav
Tejashwi Yadav- फोटो : news4nation

Bihar News :  सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य खुश्दिल देवी के पति बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या के बाद बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में भाजपा की सरकार बनने के बाद से अपराध बढ़ा है और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद अपराधी बेलगाम हो गए हैं।


इसी घटना को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में ऐसा कोई दिन नहीं है, जब हत्या और जघन्य अपराध की घटना नहीं होती हो। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद से अपराध बढ़ा है। तेजस्वी ने कहा कि जब से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं, अपराधी बेलगाम हो गए हैं और हर दिन जघन्य अपराध कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है।


गुस्साई भीड़ ने पुलिस गाड़ियों को तोड़ा 

दरअसल, डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया निवासी बैद्यनाथ महतो शनिवार सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बैद्यनाथ महतो की पत्नी खुश्दिल देवी जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की सदस्य हैं। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।


घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कथित आरोपी के घर में आग लगा दी। स्थिति बिगड़ने पर करीब 12 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी और एसडीएम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार के सिर में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। भीड़ ने पुलिस की करीब आठ गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।


बाढ़ को लेकर भी केंद्र पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है और आपदा प्रभावित लोगों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद बाढ़ प्रभावित लोगों को मदद नहीं मिल रही है। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि जब बिहार बाढ़ से जूझ रहा है तो केंद्र सरकार का कोई बड़ा नेता यहां देखने क्यों नहीं आया।


उन्होंने भाजपा शासित अन्य राज्यों को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि किसी दूसरे भाजपा शासित प्रदेश ने बिहार की मदद के लिए आगे आने की पहल नहीं की। तेजस्वी ने कहा कि बिहार का खजाना खाली है और जब चुनाव आता है तो भाजपा के तमाम बड़े नेता बिहार पहुंच जाते हैं, लेकिन आज जब बिहार बाढ़ में डूबा है तो किसी को यहां आने की फुर्सत नहीं है।

रंजन की रिपोर्ट