बिहार राजनीति में हड़कंप:सिवान का वांटेड ड्रग तस्कर एसटीएफ की गिरफ्त में, सम्राट चिराग संग वीडियो-फोटो वायरल

पुलिस और एसटीएफ ने जिले के टॉप-10 वांछित स्मैक तस्कर श्याम बिहारी को दबोचा। सराय और बड़हरिया में लूट, मर्डर की कोशिश और ड्रग्स के कई मामले दर्ज। गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, सीएम सम्राट चौधरी और मंत्रियों संग इसकी तस्वीरें स

smack smuggler arrested chirag paswan photos viral
कुख्यात स्मैक तस्कर गिरफ्तार, चिराग और सम्राट चौधरी संग तस्वीरें वायरल- फोटो : Reporter

सिवान जिला पुलिस ने एसटीएफ (STF) के साथ मिलकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात स्मैक तस्कर श्याम बिहारी कुमार उर्फ श्याम को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी न सिर्फ नशे के काले कारोबार का बड़ा मोहरा है, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी उसकी गहरी पैठ रही है। वह खुद को बड़ा नेता बताता था और सत्ता के शीर्ष चेहरों के साथ उठना-बैठना रखता था। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद जहां अपराधी जगत में हड़कंप है, वहीं सोशल मीडिया पर उसकी रसूखदार नेताओं के साथ वायरल तस्वीरों ने सियासी हलचल तेज कर दी है।


बस स्टैंड के पास से दबोचा गया तस्कर: मुफ्फसिल पुलिस और STF की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 24 मई को पुलिस को एक बड़ी गुप्त सूचना मिली। मुफ्फसिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने तत्काल जाल बिछाया। टीम ने ललित बस स्टैंड (खुर्माबाद मंदिर के पास) घेराबंदी कर बड़हरिया थाना क्षेत्र के कोईरीगाँवा निवासी श्याम बिहारी कुमार को धर-दबोचा। वह मुफ्फसिल थाना में दर्ज एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन और ₹6070 नगद बरामद किए गए हैं।

अपराध की लंबी कुंडली: लूट, मर्डर की कोशिश और नशे के अवैध धंधे में रहा है संलिप्त

गिरफ्तार स्मैक तस्कर श्याम बिहारी का आपराधिक इतिहास बेहद संगीन और लंबा है। वह सिवान के सराय और बड़हरिया समेत कई थानों में दर्जनों मामलों में नामजद आरोपी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थों की तस्करी करने, हत्या का प्रयास करने, लूटपाट जैसी हिंसक वारदातों को अंजाम देने और अनुसूचित जाति-जनजाति (SC/ST) अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से इस शातिर अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही थी, जिसके बाद अब जाकर वह कानून के शिकंजे में आया है।

नेता बनने का था चस्का: चिराग की पार्टी से मांगा था टिकट, नहीं मिला तो लड़ा निर्दलीय चुनाव

स्मैक तस्करी के इस सिंडिकेट को चलाने वाले श्याम बिहारी को राजनीति का बड़ा चस्का था और वह माननीय बनने का सपना देख रहा था। उसकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा इतनी बड़ी थी कि वह बरौली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहता था। इसके लिए उसने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) से टिकट हासिल करने के लिए लंबे समय तक सियासी जोड़-तोड़ की और अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। हालांकि, जब लोजपा ने उसे टिकट देने से साफ इनकार कर दिया, तो उसने हार नहीं मानी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ही चुनावी दंगल में कूद पड़ा।


सत्ता के गलियारों तक पहुंच: चिराग, सम्राट चौधरी और मंत्रियों संग तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

गिरफ्तारी के बाद श्याम बिहारी की जो तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, उसने सबको चौंका दिया है। तस्वीरों में वह बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह के साथ बेहद करीब नजर आ रहा है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ उसकी नजदीकी की है। बताया जाता है कि जब भी चिराग पासवान सिवान आते थे, श्याम बिहारी उनके साथ साये की तरह चलता था, कार्यक्रमों के मंच से लेकर पूजा-पाठ तक में उनके साथ शामिल रहता था। इसके अलावा चिराग पासवान के जीजा व सांसद अरुण भारती के साथ भी उसकी तस्वीरें सामने आई हैं।

गंभीर सवाल: राजनीतिक संरक्षण में फल-फूल रहा था धंधा या नेताओं को रखी अंधेरे में?

टॉप-10 वांछित स्मैक तस्कर की मंत्रियों, सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों के साथ इन वायरल तस्वीरों ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहा है कि जो अपराधी पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में था, वह कैसे बेखौफ होकर मंत्रियों के दरबार में हाजिरी लगा रहा था और बड़े नेताओं के साथ मंच साझा कर रहा था? क्या यह महज एक इत्तेफाक है या किसी बड़े राजनीतिक संरक्षण की आड़ में नशे का यह काला कारोबार फल-फूल रहा था? फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और मामले के सभी कड़ियों की गहनता से जांच की जा रही है।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट